ध्वज वंदन से राष्ट्रभक्ति, रवि मिलन से जनसंवाद: कांग्रेस सेवादल ने बांईपुर में उठाई जनसमस्याएं
आगरा। कांग्रेस सेवादल द्वारा बांईपुर में रविवार को आयोजित ध्वज वंदन एवं रवि मिलन कार्यक्रम देशभक्ति, संगठनात्मक प्रतिबद्धता और जन संवाद का अनूठा संगम बन गया। कार्यक्रम का नेतृत्व शहर अध्यक्ष सचिन चौधरी और जिला अध्यक्ष शांति स्वरूप रावत ने किया।
ध्वज वंदन का शुभारंभ इंटक प्रदेश अध्यक्ष विजय शर्मा एवं प्रदेश प्रवक्ता अनिल शर्मा ने ध्वजारोहण कर किया। कार्यक्रम का संचालन राम वकील धाकरे ने किया। विजय शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि ध्वज वंदन हमारी विचारधारा और जनसेवा की दृढ़ प्रतिज्ञा का प्रतीक है। कांग्रेस सेवादल जनता की आवाज़ बनकर कार्य करता रहेगा। ध्वज वंदन के उपरांत राष्ट्रगीत का सामूहिक गायन कर राष्ट्रभक्ति का भाव व्यक्त किया गया।
रवि मिलन में उठाईं जनसमस्याएं
कार्यक्रम के दूसरे भाग ‘रवि मिलन संवाद’ में सेवादल कार्यकर्ताओं ने क्षेत्रीय नागरिक रिटायर्ड सूबेदार वीरेश कुमार सहित अन्य के घर पहुंचकर खराब सड़कों, जलभराव, पेयजल संकट, बिजली आपूर्ति जैसी समस्याओं को जाना। सेवादल नेताओं ने लोगों को आश्वस्त किया कि इन समस्याओं को संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों तक पहुंचाकर समाधान के लिए संघर्ष किया जाएगा।
जनसमर्पण और संगठन सशक्तिकरण का संकल्प
कार्यक्रम में कांग्रेस सेवादल के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं समाजसेवी भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे और संगठन को मजबूत करने का संकल्प लिया। इस दौरान उपस्थित लोगों में प्रदेश सचिव जवाहर चाहर, कपूर चंद रावत, अश्वनी कुमार, सचिन ऋषि, पूरन यादव, महेंद्र तिलक, वीरेश यादव, अनुज शर्मा, विराज गहराना, संजय पंडित, सुनील निगम, रवि सोलंकी, सोनू कनौजिया, सीपी सिंह, कमल शर्मा, गौरव शर्मा, अवधेश यादव आदि शामिल थे।