आगरा में नंद प्लाजा पर पुलिस का मेगा ऑपरेशन, 3 कैफे और 2 मिनी सिनेमाघर सील, 20 युवक-युवतियां हिरासत में

आगरा के थाना सदर क्षेत्र स्थित नंद प्लाजा में एलआईयू और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन कैफे और दो मिनी सिनेमाघरों को सील कर दिया। अवैध गतिविधियों की लगातार मिल रही शिकायतों के आधार पर हुई इस कार्रवाई में करीब 20 युवक-युवतियों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया। पुलिस ने कैफे संचालकों के दस्तावेजों की भी जांच की और मामले की विस्तृत पड़ताल जारी है।

Aug 5, 2026 - 17:36
 0
आगरा में नंद प्लाजा पर पुलिस का मेगा ऑपरेशन, 3 कैफे और 2 मिनी सिनेमाघर सील, 20 युवक-युवतियां हिरासत में
नन्दप्लाजा पर छानबीन करती पुलिस।

आगरा। आगरा के थाना सदर क्षेत्र स्थित नंद प्लाजा में बुधवार को स्थानीय पुलिस और एलआईयू (लोकल इंटेलिजेंस यूनिट) की संयुक्त टीम ने बड़े स्तर पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान पूरे प्लाजा में हड़कंप मच गया और कई दुकानों के शटर बंद हो गए। पुलिस को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि प्लाजा में संचालित कुछ कैफे और मिनी सिनेमाघरों में संदिग्ध एवं अवैध गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इन्हीं शिकायतों के आधार पर संयुक्त टीम ने अचानक छापा मारकर जांच शुरू की।

कार्रवाई के दौरान टीम ने सबसे पहले बारिस्ता कैफे सहित अन्य कैफे की जांच की। वहां मौजूद युवक-युवतियों से पूछताछ की गई और उनकी पहचान संबंधी जानकारी ली गई। इसके अलावा कैफे संचालकों से लाइसेंस, संचालन संबंधी अनुमति और अन्य आवश्यक दस्तावेज भी जांचे गए।

सूत्रों के अनुसार, पुलिस ने मौके से करीब 20 युवक-युवतियों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया, जिन्हें पुलिस बस के माध्यम से थाने भेजा गया। सभी से अलग-अलग पूछताछ की जा रही है। जांच के दौरान पुलिस और प्रशासन ने तीन कैफे और दो मिनी सिनेमाघरों को सील करने की कार्रवाई भी शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि इन प्रतिष्ठानों के संचालन, अनुमति और गतिविधियों को लेकर गंभीर अनियमितताओं की आशंका जताई गई है।

संयुक्त टीम ने नंद प्लाजा में स्थित अन्य कैफे और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की भी जांच-पड़ताल की। अधिकारियों का कहना है कि सभी दस्तावेजों और तथ्यों की जांच की जा रही है। यदि किसी भी प्रतिष्ठान में नियमों का उल्लंघन या अवैध गतिविधियों की पुष्टि होती है तो संबंधित संचालकों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।