आगरा के युवाओं से जुड़ेंगे राहुल गांधी, ‘छात्रों की गूंज’ का 19 सितंबर को लाइव प्रसारण
राहुल गांधी के 19 सितंबर को इंदौर में होने वाले ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम का आगरा में लाइव प्रसारण किया जाएगा। होटल श्याम पैलेस में शाम पांच बजे होने वाले कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं के साथ विभिन्न कॉलेजों के छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। कार्यक्रम को लेकर शुक्रवार को खंदारी स्थित होटल विक्रम पैलेस में पोस्टर जारी किया गया।
आगरा। कांग्रेस नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ संवाद कार्यक्रम को लेकर आगरा में भी तैयारियां तेज हो गई हैं। 19 सितंबर को मध्य प्रदेश के इंदौर में होने वाले कार्यक्रम का आगरा में लाइव प्रसारण किया जाएगा। कांग्रेस नेताओं के मुताबिक, इस दौरान शहर के कॉलेजों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में शामिल होंगे और शिक्षा, रोजगार, भर्ती परीक्षाओं समेत छात्र हितों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करेंगे। राहुल गांधी का ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम 19 सितंबर को इंदौर में प्रस्तावित है। यह इस अभियान का पांचवां कार्यक्रम बताया जा रहा है। इससे पहले कोटा, देहरादून, प्रयागराज और पुणे में ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं।
आगरा में लाइव प्रसारण का आयोजन 19 सितंबर को शाम पांच बजे होटल श्याम पैलेस, सेंट जॉन्स चौराहा से लोहामंडी मार्ग पर किया जाएगा। कांग्रेस पदाधिकारियों के अनुसार, कार्यक्रम में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ अखिल भारतीय महिला कांग्रेस और शहर कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी भी मौजूद रहेंगे। विभिन्न कॉलेजों के सैकड़ों छात्र-छात्राओं के शामिल होने की बात कही गई है।
कांग्रेस की ओर से बताया गया कि ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के जरिए छात्रों से शिक्षा व्यवस्था, परीक्षा और रोजगार से जुड़े मुद्दों पर संवाद किया जा रहा है। राहुल गांधी ने भी कार्यक्रम के संबंध में छात्रों और युवाओं से अपनी समस्याएं तथा उनके सामने आने वाली बाधाओं को साझा करने का आह्वान किया है।
पोस्टर जारी कर किया जनसंपर्क
कार्यक्रम को लेकर शुक्रवार शाम बाईपास रोड, खंदारी स्थित होटल विक्रम पैलेस में पोस्टर जारी किया गया। पोस्टर का विमोचन अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की सचिव नम्रता दान, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रामनाथ सिकरवार, शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अमित सिंह और वरिष्ठ कांग्रेस नेता अश्विनी जैन ने संयुक्त रूप से किया।
इस दौरान कांग्रेस नेत्री नम्रता दान ने कहा कि पेपर लीक, लंबित भर्तियां, बेरोजगारी, फीस वृद्धि और छात्राओं की सुरक्षा जैसे मुद्दों को लेकर राहुल गांधी छात्रों से संवाद कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आगरा के युवाओं और जेन-जी को इस संवाद से जोड़ने के उद्देश्य से इंदौर कार्यक्रम का लाइव प्रसारण यहां किया जा रहा है।
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रामनाथ सिकरवार ने कहा कि छात्रों और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर संवाद की जरूरत है। उन्होंने कहा कि ‘छात्रों की गूंज’ के माध्यम से राहुल गांधी छात्रों और युवाओं की समस्याओं को सामने रखने का प्रयास कर रहे हैं।
शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अमित सिंह ने युवाओं से 19 सितंबर की शाम पांच बजे होटल श्याम पैलेस पहुंचने की अपील की। उन्होंने शिक्षा, भर्ती परीक्षाओं और बेरोजगारी से जुड़े मुद्दों को लेकर सरकार पर निशाना साधा और कहा कि इन विषयों पर युवाओं की आवाज सामने आनी चाहिए।
इंदौर में होने वाले कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस की तैयारियां जारी हैं। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, कार्यक्रम के लिए स्थल को लेकर पहले नेहरू स्टेडियम को लेकर अनुमति का विवाद सामने आया था, जिसके बाद कार्यक्रम के लिए वैकल्पिक स्थल की व्यवस्था की गई।
कार्यक्रम के दौरान यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष ताहिर हुसैन, प्रदेश सचिव सलमान कुरैशी, जिला उपाध्यक्ष सतेंद्र दुबे, शहर उपाध्यक्ष बुरहान शमसी, दक्षिण विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी अनुज शर्मा, सतेंद्र मुद्गल, लखन सिकरवार, राहुल रावत, जगदीश जाटव और सोनू चाहर समेत कई कांग्रेस पदाधिकारी मौजूद रहे।