टीएमसी से इस्तीफा, बीजेपी में शामिल हो सकती हैं सुष्मिता देव, हिमंत बिस्वा सरमा से मीटिंग के बाद अटकलें तेज
सुष्मिता देव असम के सिलचर से 2014 में कांग्रेस की टिकट पर सांसद चुनी गई थीं। इसके अलावा वह महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष भी बनाई गई थीं। साल 2021 में वह तृणमूल कांग्रेस में शामिल हो गईं।
नई दिल्ली। राज्यसभा और तृणमूल कांग्रेस से इस्तीफे के बाद सुष्मिता देव भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो सकती हैं। सुष्मिता ने दिल्ली में असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा से मुलाकात की है। दोनों नेताओं की मुलाकात की फोटो भी सामने आई है।
हिमंत बिस्वा सरमा इस समय दिल्ली में मौजूद हैं। वह एनडीए मुख्यमंत्रियों की बैठक के लिए आए हुए हैं। राज्यसभा से इस्तीफे देने के बाद सुष्मिता और हिमंत के बीच यह बैठक हुई है।
सुष्मिता देव असम के सिलचर से 2014 में कांग्रेस की टिकट पर सांसद चुनी गई थीं। इसके अलावा वह महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष भी बनाई गई थीं। हालांकि साल 2021 में वह तृणमूल कांग्रेस में शामिल हो गईं, जिसके महज एक महीने बाद ही ममता बनर्जी ने उन्हें राज्यसभा के लिए नॉमिनेट कर दिया।
पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनाव में हार के बाद ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस पूरी तरह बिखर गई है। टीएमसी के 58 विधायक पहले बागी हो गए और उन्होंने ममता बनर्जी को चुनौती देते हुए विधानसभा में अपना नेता प्रतिपक्ष रितब्रता बनर्जी को बनवाया। उसके बाद टीएमसी के करीब 20 लोकसभा सांसदों का एक गुट अलग हो गया। उन सांसदों ने केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव के घर पर मीटिंग की, जिसमें बंगाल के सीएम शुभेंदु अधिकारी भी मौजूद थे।
टीएमसी में ये बगावत यहीं तक नहीं रुकी, अब राज्यसभा के सदस्यों के इस्तीफे भी शुरू हो गए हैं। पहले शुखेंदु शेखर रॉय ने इस्तीफा दिया और अब सुष्मिता देव ने पार्टी छोड़ने का ऐलान कर दिया है। टीएमसी के राज्यसभा में कुल 13 सांसद थे, जिनमें से दो के इस्तीफे हो चुके हैं। अब ऊपरी सदन में टीएमसी के 11 सांसद बचे हुए हैं।