सांसद नवीन जैन के सवाल पर राज्यसभा में रेल मंत्री का जवाब, आगरा ईदगाह स्टेशन तैयार, आगरा फोर्ट, राजामंडी, अछनेरा और फतेहपुर सीकरी स्टेशन पर जारी है पुनर्विकास

आगरा। आगरा के रेलवे स्टेशनों पर अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे विकास कार्यों की प्रगति संसद में गूंज उठी। राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने राज्यसभा में तारांकित प्रश्न के माध्यम से केंद्र सरकार से आगरा के रेलवे स्टेशनों पर हो रहे पुनर्विकास कार्यों की वर्तमान स्थिति, यात्रियों के लिए विकसित की जा रही सुविधाओं, अब तक की प्रगति और परियोजना पर हुए खर्च की जानकारी मांगी। इसके जवाब में रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव ने लिखित उत्तर देते हुए बताया कि आगरा ईदगाह जंक्शन का पुनर्विकास कार्य पूरा हो चुका है, जबकि अछनेरा, आगरा फोर्ट, फतेहपुर सीकरी और राजा की मंडी रेलवे स्टेशनों पर विभिन्न विकास कार्य तेजी से प्रगति पर हैं।

Aug 3, 2026 - 17:44
 0
सांसद नवीन जैन के सवाल पर राज्यसभा में रेल मंत्री का जवाब, आगरा ईदगाह स्टेशन तैयार, आगरा फोर्ट, राजामंडी, अछनेरा और फतेहपुर सीकरी स्टेशन पर जारी है पुनर्विकास

ईदगाह स्टेशन का कार्य पूरा, चार स्टेशनों पर जारी है निर्माण

रेल मंत्री के लिखित जवाब के अनुसार अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत आगरा जनपद के प्रमुख रेलवे स्टेशनों का चरणबद्ध तरीके से आधुनिकीकरण किया जा रहा है। आगरा ईदगाह जंक्शन का पुनर्विकास कार्य पूरा कर लिया गया है, जबकि अछनेरा, आगरा फोर्ट, फतेहपुर सीकरी और राजा की मंडी रेलवे स्टेशनों पर कई महत्वपूर्ण कार्य पूरे हो चुके हैं और शेष कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।

अछनेरा स्टेशन पर ये कार्य हुए पूरे

रेल मंत्री ने बताया कि अछनेरा रेलवे स्टेशन पर नए स्टेशन भवन का संरचनात्मक निर्माण, फुट ओवरब्रिज, प्लेटफॉर्म शेल्टर, पार्किंग तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं का कार्य पूरा हो चुका है। इसके अलावा लिफ्ट, प्लेटफॉर्म सुधार, दिव्यांगजन सुविधाएं तथा स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप अन्य विकास कार्य प्रगति पर हैं।

आगरा फोर्ट स्टेशन को भी मिल रहा नया स्वरूप

आगरा फोर्ट रेलवे स्टेशन पर पार्किंग, प्रवेश क्षेत्र का विकास, प्लेटफॉर्म सुधार और स्टेशन परिसर के सौंदर्यीकरण का कार्य पूरा कर लिया गया है। वहीं स्टेशन के दूसरे प्रवेश द्वार की ओर भवन के उन्नयन का कार्य भी शुरू हो चुका है।

फतेहपुर सीकरी स्टेशन पर अधिकांश कार्य पूरे

विश्व धरोहर नगरी फतेहपुर सीकरी रेलवे स्टेशन पर नए स्टेशन भवन, प्रतीक्षालय, शौचालय, पार्किंग और प्लेटफॉर्म शेल्टर सहित अधिकांश विकास कार्य पूरे किए जा चुके हैं। यहां यात्रियों की सुविधा के लिए लिफ्ट लगाने का कार्य भी शुरू कर दिया गया है।

राजा की मंडी स्टेशन पर बन रहा 12 मीटर चौड़ा फुट ओवरब्रिज

राजा की मंडी रेलवे स्टेशन पर नए स्टेशन भवन, आधुनिक प्रतीक्षालय, बुकिंग काउंटर, पार्किंग, प्लेटफॉर्म सुधार और अन्य यात्री सुविधाओं का निर्माण पूरा हो चुका है। इसके साथ ही 12 मीटर चौड़े नए फुट ओवरब्रिज का निर्माण कार्य भी शुरू कर दिया गया है।

नवीन जैन बोले- आगरा के लोगों को मिलनी चाहिए सही जानकारी

राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने कहा कि आगरा विश्व के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल है और यहां प्रतिदिन हजारों देशी-विदेशी पर्यटक पहुंचते हैं। ऐसे में रेलवे स्टेशनों का आधुनिक और सुविधायुक्त होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि संसद में यह विषय उठाने का उद्देश्य आगरा के नागरिकों के सामने विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति लाना था, ताकि लोगों को यह जानकारी मिल सके कि उनके शहर के रेलवे स्टेशनों पर कौन-कौन से कार्य पूरे हो चुके हैं और किन परियोजनाओं पर अभी काम चल रहा है।

उन्होंने कहा कि आधुनिक रेलवे स्टेशन न केवल यात्रियों की सुविधाओं में वृद्धि करेंगे, बल्कि पर्यटन, व्यापार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई गति देंगे।

देशभर में 1340 स्टेशनों का हो रहा पुनर्विकास

रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव ने अपने लिखित जवाब में बताया कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत देशभर में 1,340 रेलवे स्टेशनों का चयन किया गया है। इनमें से 261 स्टेशनों का पुनर्विकास कार्य पूरा हो चुका है, जबकि शेष स्टेशनों पर चरणबद्ध तरीके से निर्माण कार्य जारी है।

उन्होंने बताया कि इस महत्वाकांक्षी योजना के लिए अब तक 46,704 करोड़ रुपये का आवंटन किया गया है, जबकि जून 2026 तक 38,132 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं।

विश्वस्तरीय सुविधाओं से लैस होंगे स्टेशन

रेल मंत्रालय के अनुसार योजना के अंतर्गत स्टेशन भवनों का आधुनिकीकरण, आधुनिक प्रतीक्षालय, लिफ्ट, एस्केलेटर, दिव्यांगजन सुविधाएं, फुट ओवरब्रिज, पार्किंग, बेहतर प्रवेश एवं निकास मार्ग तथा अन्य आधुनिक यात्री सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि विभिन्न वैधानिक स्वीकृतियों, उपयोगिताओं के स्थानांतरण तथा रेलवे परिचालन को प्रभावित किए बिना निर्माण कार्य कराए जाने जैसी तकनीकी प्रक्रियाओं के कारण परियोजनाओं को चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जा रहा है।

SP_Singh AURGURU Editor