रिटायर्ड डीएसपी ने महिला सफाईकर्मी को पीटा, सीसीटीवी वायरल, थाने पहुंचे कर्मचारी
आगरा के दयालबाग स्थित सुदामा बाग में रिटायर्ड डीएसपी पर महिला नगर निगम सफाईकर्मी को डंडे से पीटने का आरोप लगा है। घटना का सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद साथी सफाई कर्मचारियों ने न्यू आगरा थाने का घेराव कर कार्रवाई की मांग की। संघ ने आंदोलन की चेतावनी दी है। पुलिस के मुताबिक, दोनों पक्षों में मौखिक समझौता हुआ था और लिखित शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
आगरा। आगरा में एक रिटायर्ड डीएसपी पर नगर निगम की महिला सफाईकर्मी के साथ डंडे से मारपीट करने का आरोप लगा है। घटना न्यू आगरा थाना क्षेत्र के दयालबाग स्थित सुदामा बाग की है। मारपीट का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला गरमा गया। वीडियो में एक व्यक्ति महिला सफाईकर्मी पर डंडे से हमला करता नजर आ रहा है। घटना से नाराज सफाई कर्मचारियों ने न्यू आगरा थाने पहुंचकर घेराव किया और आरोपी रिटायर्ड पुलिस अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन किया जाएगा।
घर के बाहर बातचीत के बाद शुरू हुई मारपीट
सोशल मीडिया पर वायरल सीसीटीवी फुटेज कॉलोनी के एक रास्ते का बताया जा रहा है। वीडियो की शुरुआत में एक व्यक्ति अपने घर के बाहर महिला से बातचीत करता दिखाई देता है। महिला के हाथ में झाड़ू है। हालांकि, फुटेज धुंधली होने के कारण दोनों के चेहरे स्पष्ट नजर नहीं आ रहे हैं।
कुछ देर बातचीत के बाद व्यक्ति घर के दरवाजे की तरफ जाता है और वहां से डंडा लेकर महिला की ओर बढ़ता है। इसके बाद दोनों के बीच विवाद और मारपीट शुरू हो जाती है। वीडियो में व्यक्ति महिला की ओर बढ़कर डंडे से वार करता दिखाई देता है। महिला खुद को बचाने के लिए पीछे हटती है और फिर सड़क के दूसरी तरफ चली जाती है। इस दौरान रास्ते से गुजर रहे कुछ लोग भी रुक जाते हैं। वे दोनों के बीच हो रहे विवाद को शांत कराने और मामले को संभालने का प्रयास करते नजर आते हैं।
रिटायर्ड डीएसपी पर मारपीट का आरोप
बताया जा रहा है कि वीडियो में दिखाई दे रही महिला नगर निगम की सफाई कर्मचारी है, जबकि उससे मारपीट करने वाला व्यक्ति रिटायर्ड डीएसपी बताया जा रहा है। हालांकि, दोनों के बीच विवाद किस बात को लेकर शुरू हुआ था, इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। वायरल वीडियो में डंडे से हमला किए जाने का घटनाक्रम दिखाई देने के बाद सफाई कर्मचारियों में नाराजगी फैल गई।
साथी सफाईकर्मियों ने थाने का किया घेराव
घटना का वीडियो वायरल होने के बाद बड़ी संख्या में नगर निगम के सफाई कर्मचारी न्यू आगरा थाने पहुंच गए। कर्मचारियों ने थाने का घेराव कर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने और गिरफ्तारी की मांग की। सफाई कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों ने पुलिस को तहरीर देकर पूरे मामले में कार्रवाई की मांग उठाई। कर्मचारियों का कहना था कि ड्यूटी के दौरान महिला सफाईकर्मी के साथ इस तरह मारपीट किया जाना गंभीर मामला है। आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि पीड़िता को न्याय मिल सके।
कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी
सफाई कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों और कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि आरोपी के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। महिला कर्मचारी के समर्थन में संघ के पदाधिकारी लामबंद हो गए हैं। कर्मचारियों का कहना है कि मामले को समझौते के नाम पर खत्म नहीं किया जाना चाहिए और पुलिस को शिकायत के आधार पर कार्रवाई करनी चाहिए।
पुलिस बोली- दोनों पक्षों में हो चुका है मौखिक समझौता
इस मामले में न्यू आगरा थाने के एसएसआई सुनील ने बताया कि घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच मौखिक समझौता हो गया था। अभी तक कार्रवाई के लिए कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। यदि कोई पक्ष कार्रवाई की मांग करता है तो पुलिस नियमानुसार एक्शन लेगी। फिलहाल महिला सफाईकर्मी के साथ मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। वहीं, सफाई कर्मचारी संघ की मांग के बाद अब मामले में पुलिस की अगली कार्रवाई पर सबकी नजर है।