आगरा मंडल में निवेश और उद्योगों को रफ्तार देने का रोडमैप तैयार

आगरा मंडलायुक्त नगेन्द्र प्रताप ने मंडलीय उद्योग बंधु समिति की बैठक में औद्योगिक क्षेत्रों की समस्याओं, निवेश परियोजनाओं और सरकारी योजनाओं की समीक्षा की। बैठक में युवा रोजगार योजनाओं की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए गए। वहीं सिकंदरा, नुनिहाई और फाउंड्री नगर में जलनिकासी, ड्रेनेज, पार्किंग, ट्रैफिक जाम और औद्योगिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों में तेजी लाने के आदेश दिए गए।

Aug 4, 2026 - 20:39
 0
आगरा मंडल में निवेश और उद्योगों को रफ्तार देने का रोडमैप तैयार
मंडलीय उद्योग बंधु समिति की बैठक में विकास कार्यों पर चर्चा करते मंडलायुक्त नागेंद्र प्रताप।

कमिश्नर नगेन्द्र प्रताप के सख्त निर्देश, जलभराव, पार्किंग और ट्रैफिक पर होगी त्वरित कार्रवाई

आगरा। आगरा मंडल में उद्योगों को नई गति देने और निवेश परियोजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए मंगलवार को मंडलायुक्त नगेन्द्र प्रताप की अध्यक्षता में मंडलीय उद्योग बंधु समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में मुख्यमंत्री की रोजगार योजनाओं से लेकर औद्योगिक क्षेत्रों की आधारभूत सुविधाओं, निवेश, ट्रैफिक, पार्किंग और जलभराव जैसी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना की समीक्षा के दौरान बताया गया कि निर्धारित लक्ष्य के मुकाबले मथुरा की प्रगति अपेक्षाकृत कम रही। वहीं ओडीओपी वित्त पोषण सहायता योजना में मथुरा और फिरोजाबाद लक्ष्य से पीछे पाए गए। इस पर मंडलायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को योजनाओं की प्रगति तेज करने और पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए। इसके अलावा सीएम युवा उद्यमी विकास अभियान में भी चारों जिलों में आवेदन स्वीकृति और ऋण वितरण की गति बढ़ाने के निर्देश दिए गए।

524 निवेश समझौते, 388 परियोजनाएं शुरू

बैठक में बताया गया कि निवेश को लेकर किए गए 524 एमओयू (MoU) ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के तहत ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी (GBC) के लिए तैयार हैं, जिनमें से 388 औद्योगिक इकाइयां पहले ही संचालन शुरू कर चुकी हैं। मंडलायुक्त ने शेष परियोजनाओं को भी जल्द धरातल पर उतारने पर जोर दिया।

सिकंदरा और नुनिहाई की जलभराव समस्या होगी दूर

औद्योगिक क्षेत्र सिकंदरा में जलभराव और स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज की समस्या पर जानकारी दी गई कि आरसीसी नाले का निर्माण कराया जा रहा है। बारिश के दौरान जलभराव से बचाव के लिए नालों की सफाई कराई गई है तथा पानी की निकासी के लिए पंप भी लगाए गए हैं। वहीं नुनिहाई औद्योगिक क्षेत्र में भूमिगत ह्यूम पाइप डालने की योजना स्वीकृति के लिए भेजी गई है। मंडलायुक्त ने निर्देश दिए कि स्वीकृति से पहले की सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएं ताकि मंजूरी मिलते ही कार्य शुरू हो सके। फाउंड्री नगर औद्योगिक क्षेत्र में पार्कों के सौंदर्यीकरण और फुटपाथ निर्माण का प्रस्ताव शासन को भेजा जा चुका है। मंडलायुक्त ने इस परियोजना को शीघ्र स्वीकृति दिलाने के प्रयास तेज करने के निर्देश दिए। उद्यमियों ने शिकायत की कि नालों की सफाई के बाद निकाला गया मलबा बारिश के कारण दोबारा नालों में चला गया, जिससे जलनिकासी प्रभावित हुई। इस पर मंडलायुक्त ने नालों की दोबारा समुचित सफाई कराने के निर्देश दिए।

फतेहाबाद रोड पर बनेगी सार्वजनिक पार्किंग

फतेहाबाद रोड पर पार्किंग की समस्या को देखते हुए आगरा विकास प्राधिकरण (एडीए) को सड़क किनारे उपलब्ध अपनी भूमि चिन्हित कर वहां सार्वजनिक पार्किंग विकसित करने के निर्देश दिए गए।

निवेश मित्र पोर्टल की तकनीकी दिक्कतें होंगी दूर

बैठक में निवेश मित्र पोर्टल पर लंबित मामलों की समीक्षा के दौरान बताया गया कि तकनीकी खामियों के कारण लंबित प्रकरणों की संख्या अधिक दिखाई दे रही है। मंडलायुक्त ने पोर्टल डेवलपर और संबंधित विभागों के साथ उद्यमियों का विशेष तकनीकी प्रशिक्षण आयोजित कराने के निर्देश दिए, ताकि पोर्टल का बेहतर उपयोग हो सके।

एमजी रोड के जाम और एनएच -19 पर सुरक्षा पर फोकस

मंडलायुक्त ने एमजी रोड पर ट्रैफिक जाम की समस्या के समाधान के लिए डीसीपी ट्रैफिक को उद्योग प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर स्थायी समाधान निकालने के निर्देश दिए। साथ ही राष्ट्रीय राजमार्ग-19 (NH-19) की सर्विस रोड पर बिजली विभाग के पुराने स्ट्रक्चर हटाने के निर्देश दिए गए, ताकि सड़क दुर्घटनाओं की आशंका कम हो सके।

शू और क्लॉथ मार्केट के खाली प्लॉटों का होगा सर्वे

बैठक में शू मार्केट और क्लॉथ मार्केट में खाली पड़े भूखंडों का सर्वे कर उनके आवंटन की प्रक्रिया शुरू करने के भी निर्देश दिए गए, जिससे व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिल सके।