24 घंटे में खुली 80 लाख की चोरी, नौकरानी ने मां-बहन-भाभी संग रची साजिश,चारों गिरफ्तार

आगरा के विजयनगर स्थित अनुपम रॉयल अपार्टमेंट में अनिल कुमार कौशिक के घर हुई करीब 80 लाख रुपये की ज्वेलरी चोरी का हरीपर्वत पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने घर में काम करने वाली महिला समेत उसकी मां, बहन और भाभी को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवर और 17 सोने के सिक्के बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार, चारों महिलाओं के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया।

Aug 2, 2026 - 17:32
 0
24 घंटे में खुली 80 लाख की चोरी, नौकरानी ने मां-बहन-भाभी संग रची साजिश,चारों गिरफ्तार
घटना की जानकारी देतीं एसीपी हरीपर्वत।

आगरा। हरीपर्वत  थाना पुलिस ने विजयनगर स्थित अनुपम रॉयल अपार्टमेंट में हुई करीब 80 लाख रुपये की ज्वेलरी चोरी का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने इस मामले में घर में काम करने वाली महिला समेत चार महिलाओं को गिरफ्तार कर चोरी में शामिल लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और 17 सोने के सिक्के बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, विजयनगर कालोनी स्थित अनुपम रॉयल अपार्टमेंट निवासी अनिल कुमार कौशिक के घर हुई इस बड़ी चोरी की घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए हरिपर्वत पुलिस ने तत्काल विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने अपार्टमेंट और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और संदिग्ध गतिविधियों का विश्लेषण किया। तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस को घर में काम करने वाली महिला पर शक हुआ। सख्ती से पूछताछ करने पर पूरे चोरी कांड का खुलासा हो गया। पुलिस जांच में सामने आया कि घर में काम करने वाली महिला ने अपने ही परिवार की मां, बहन और भाभी के साथ मिलकर सुनियोजित तरीके से चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। आरोपियों ने घर की गतिविधियों और कीमती सामान की पूरी जानकारी होने का फायदा उठाकर लाखों रुपये के आभूषण चोरी कर लिए।

हरीपर्वत पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चाँदनी, पूजा, संजना और इमला को गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर चोरी किए गए करीब 80 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवर और 17 सोने के सिक्के बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार महिलाओं के खिलाफ पहले से भी विभिन्न थानों में पॉक्सो, धमकी और अन्य आपराधिक मामलों के मुकदमे दर्ज हैं। सभी आरोपियों से पूछताछ के बाद पुलिस ने उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

हरीपर्वत पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपियों ने इससे पहले भी कहीं इसी तरह की वारदातों को अंजाम दिया है या नहीं।