गुरु पूर्णिमा पर मुस्कान और सुरक्षा की पाठशाला: बच्चों को मिले स्कूल बैग, मिली आत्म-सुरक्षा की सीख

आगरा। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर कंपोजिट स्कूल, रुई की मंडी शाहगंज में बच्चों के लिए एक विशेष आयोजन हुआ, जो उनके चेहरे पर मुस्कान और मन में आत्म-सुरक्षा का भाव लेकर आया। रोटरी क्लब के सहयोग से शिक्षा उदय कार्यक्रम के अंतर्गत जरूरतमंद बच्चों को स्कूल बैग वितरित किए गए और उन्हें सुरक्षित और असुरक्षित स्पर्श जैसे महत्वपूर्ण विषय पर संवाद के माध्यम से जागरूक किया गया।

Jul 10, 2025 - 13:09
 0
गुरु पूर्णिमा पर मुस्कान और सुरक्षा की पाठशाला: बच्चों को मिले स्कूल बैग, मिली आत्म-सुरक्षा की सीख
गुरु पूर्णिमा पर कंपोजिट विद्यालय रुई की मंडी में बच्चों को बैग वितरित करते रोटरी क्लब के पदाधिकारी।

कार्यक्रम का आरंभ हर्षोल्लास के वातावरण में हुआ। बच्चों और शिक्षकों ने रोटरी क्लब टीम का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर पास्ट प्रेसिडेंट नम्रता पणिकर और एडवोकेट नम्रता मिश्रा ने बच्चों को सुरक्षित और असुरक्षित स्पर्श विषय पर संवादात्मक और संवेदनशील तरीके से जागरूक किया। कहानियों, उदाहरणों और सरल भाषा के जरिए बच्चों को यह सिखाया गया कि उन्हें कब ना कहना चाहिए, कब किसी विश्वसनीय वयस्क को जानकारी देनी चाहिए, और खतरे की स्थिति में कैसे प्रतिक्रिया करनी चाहिए।

इसके बाद बच्चों को स्टेशनरी सामग्री सहित स्कूल बैग प्रदान किए गए। यह उपहार उनके लिए एक नई उम्मीद और प्रेरणा बनकर आया, जिससे न केवल उनका आत्मविश्वास बढ़ा बल्कि स्कूल के प्रति उनका जुड़ाव भी गहरा हुआ।

सत्र के दौरान बच्चों ने खुलकर भाग लिया, सवाल पूछे और अपनी जिज्ञासाएं साझा कीं। शिक्षकों ने भी उन्हें यह भरोसा दिलाया कि वे हर परिस्थिति में सुरक्षित रह सकते हैं और किसी भी समस्या को साझा करने के लिए उनके साथ हमेशा खड़े हैं।

प्रधानाचार्या श्रीमती फातिमा ने कहा, इस तरह की पहलें उन बच्चों के जीवन में बदलाव लाती हैं, जिन्हें इसकी सबसे अधिक आवश्यकता है।
रोटरी क्लब अध्यक्ष दीनदयाल ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रम भविष्य में और भी आयोजित किए जाएंगे।

कार्यक्रम को सफल बनाने में दिया खेमनानी, अभिकांक्ष, नम्रता पणिकर, संगीता अग्रवाल, डॉ. आलोक मित्तल, आशीष अग्रवाल, सुनील कपूर, राज मित्तल, वाक़िफ़ ख़ान, शिक्षा मित्र पूनम एवं बेबी तबस्सुम का विशेष योगदान रहा।

SP_Singh AURGURU Editor