सड़क सुरक्षा के लिए आगरा कॉलेज के स्काउट-गाइड और एनएसएस स्वयंसेवक सड़कों पर उतरे, हेलमेट-सीट बेल्ट से लेकर यातायात नियमों तक किया जागरूक
आगरा। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से आगरा कॉलेज के स्काउट एंड गाइड तथा राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के स्वयंसेवकों ने सड़क सुरक्षा पखवाड़े के तहत जागरूकता अभियान चलाया। 17 नवंबर को विभिन्न शिक्षण संस्थानों में आयोजित अभियान के दौरान विद्यार्थियों और आमजन को हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने की अपील की गई।
अभियान के दौरान स्वयंसेवकों ने यातायात संकेतों की जानकारी देने के साथ सड़क पर अनुशासन बनाए रखने और नियमों का पालन करने के लिए लोगों को प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि हेलमेट और सीट बेल्ट का इस्तेमाल दुर्घटना के समय जीवन रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग और तेज गति से वाहन चलाना गंभीर हादसों का कारण बन सकता है।
कार्यक्रम में मौजूद ट्रैफिक सब इंस्पेक्टर (टीएसआई) राकेश कुमार ने विद्यार्थियों एवं आमजन को यातायात नियमों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। यातायात नियमों का ईमानदारी से पालन करके सड़क दुर्घटनाओं को काफी हद तक रोका जा सकता है और अमूल्य जीवन बचाए जा सकते हैं।
आगरा कॉलेज के शारीरिक शिक्षा विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. रवि शंकर सिंह के मार्गदर्शन में स्वयंसेवक उत्कर्ष, रौनक, समीर, कृष्णा, आदर्श, रोहित और तरुण सहित स्काउट एंड गाइड तथा एनएसएस के अन्य स्वयंसेवकों एवं विद्यार्थियों ने अभियान में सक्रिय भागीदारी की। विभिन्न शिक्षण संस्थानों में जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से उन्होंने सुरक्षित यातायात का संदेश जन-जन तक पहुंचाया।
अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों और आमजन में सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी विकसित करने, यातायात नियमों के पालन की संस्कृति को बढ़ावा देने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था के निर्माण में जनभागीदारी सुनिश्चित करना रहा। आगरा कॉलेज ने भविष्य में भी सड़क सुरक्षा और जनहित से जुड़े जागरूकता अभियानों में सक्रिय सहभागिता जारी रखने की प्रतिबद्धता जताई।