कमला नगर में सिद्धचक्र महामंडल विधान का दूसरा दिन: 16 अर्घ्य अर्पित कर प्रधानमंत्री मोदी के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना, मुनिश्री समत्वसागर ने दिया आत्मबोध का संदेश

आगरा। अष्टानिका महापर्व के अवसर पर डी-ब्लॉक कमला नगर स्थित श्री महावीर दिगंबर जैन मंदिर में पीएनसी परिवार की ओर से आयोजित नौ दिवसीय विश्व शांति महायज्ञ एवं श्री सिद्धचक्र महामंडल विधान का दूसरा दिन भक्तिभाव और धार्मिक उल्लास के साथ संपन्न हुआ। मुनिश्री समत्वसागर जी महाराज ससंघ के सान्निध्य में श्रद्धालुओं ने श्री आदिनाथ भगवान का अभिषेक, विशेष शांतिधारा और विधान मंडल पर 16 अर्घ्य समर्पित किए। राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने पत्नी रेनू जैन के साथ सौधर्म इंद्र के रूप में धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लिया।

Nov 18, 2026 - 21:28
 0
कमला नगर में सिद्धचक्र महामंडल विधान का दूसरा दिन: 16 अर्घ्य अर्पित कर प्रधानमंत्री मोदी के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना, मुनिश्री समत्वसागर ने दिया आत्मबोध का संदेश
कमला नगर जैन मंदिर में पीएनसी परिवार द्वारा आयोजित सिद्धचक्र महामंडल विधान के दूसरे दिन की धार्मिक क्रियाओं की एक झलक।

पीएनसी परिवार आगरा के तत्वावधान में सांसद नवीन जैन के नेतृत्व में आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में बुधवार सुबह मुनिश्री समत्वसागर जी महाराज, मुनिश्री शीलसागर जी महाराज और मुनिश्री सुप्रभात सागर जी महाराज ससंघ का सान्निध्य प्राप्त हुआ। प्रतिष्ठाचार्य डॉ. अभिषेक जैन एवं आकाश जैन शास्त्री के निर्देशन में श्री आदिनाथ भगवान का अभिषेक और विशेष शांतिधारा संपन्न हुई। इसके बाद विधान मंडल पर विधि-विधान से अष्टद्रव्य अर्पित कर 16 अर्घ्य समर्पित किए गए। महायज्ञनायक प्रदीप जैन सहित अन्य इंद्र-इंद्राणियों ने भी धार्मिक क्रियाओं में श्रद्धापूर्वक सहभागिता की।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा उत्तर प्रदेश के सह प्रभारी अनंत ओझा उपस्थित रहे। उन्होंने राज्यसभा सांसद नवीन जैन की इस अनूठी धार्मिक पहल की सराहना की। सांसद नवीन जैन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकास और प्रगति के नए आयाम स्थापित कर रहा है। राष्ट्रसेवा के प्रति उनका समर्पण और संकल्प सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। इस अनुष्ठान के माध्यम से प्रभु से उनके स्वस्थ, दीर्घायु रहने और राष्ट्रसेवा के लिए निरंतर ऊर्जा एवं सामर्थ्य प्राप्त होने की प्रार्थना की जा रही है।

इस अवसर पर पीएनसी परिवार के मुखिया प्रदीप जैन, सांसद नवीन जैन, चक्रेश जैन और योगेश जैन सहित परिवार के सदस्यों ने मुनिश्री की पुस्तक का विमोचन भी किया।

अपने प्रवचन में मुनिश्री समत्वसागर जी महाराज ने कहा कि जिस जीव की जैसी दृष्टि होती है, वह वैसी ही सृष्टि का निर्माण करता है। मनुष्य के पास आज भौतिक सुख-सुविधाओं की कमी नहीं है, फिर भी वास्तविक प्रसन्नता का अभाव दिखाई देता है। इसका कारण बाहरी उपलब्धियों में सुख तलाशना है, जबकि सच्चा सुख आत्मा की शुद्धता और आत्मबोध में निहित है। उन्होंने कहा कि धर्म केवल पूजा-पाठ अथवा मंदिर जाने तक सीमित नहीं है। इसका वास्तविक उद्देश्य मनुष्य के विचारों, व्यवहार और जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाना है। जब धर्म जीवन में उतरता है, तभी आत्मिक शांति और वास्तविक आनंद की अनुभूति होती है।

शाम को भोपाल से आए भजन गायक लोकेश जैन एवं पार्टी ने भक्तिमय जैन भजनों की प्रस्तुतियां दीं। रात सात बजे श्रीजी की भव्य मंगल आरती हुई। दीपों की रोशनी, भक्ति संगीत और जय जिनेंद्र के जयघोष से पूरा आयोजन स्थल भक्तिरस में डूब गया।

कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष बृज बहादुर और महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता भी मौजूद रहे। नौ दिवसीय आयोजन का संचालन प्रसिद्ध मंच संचालक मनोज जैन बाकलीवाल ने किया। इस अवसर पर वैभव जैन, अनिरुद्ध जैन, अभिनंदन जैन, आनंद जैन, हर्षवर्धन जैन, कार्तिकेय जैन, अनुज जैन, अभिषेक जैन, प्रतीक जैन, निर्मेश जैन, उमेश जैन, ऋषभ जैन, लवलेश जैन, अमन जैन और आशीष जैन सहित पीएनसी परिवार के सदस्य उपस्थित रहे। दिगंबर जैन परिषद के अध्यक्ष जगदीश प्रसाद जैन, मीडिया प्रभारी शुभम जैन एवं राहुल जैन सहित जैन समाज के प्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भी आयोजन में सहभागिता की।

SP_Singh AURGURU Editor