सिकंदरा पुलिस ने बिजली का सामान चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया, पांच चोर गिरफ्तार
आगरा। सिकंदरा पुलिस ने बीती रात सुनारी चौराहे से पांच चोरों को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम के गोदाम से चुराए गए विद्युत उपकरण बरामद किए गए हैं। पकड़े गए आरोपियों का सरगना गैंगस्टर का आरोपी भी है। पुलिस अभी चोरों से पूछताछ कर रही है। विद्युत विभाग के अधिकारियों को इसके बावत जानकारी भेज दी गई है।
पुलिस की जानकारी के अनुसार, आरोपियों ने पहले मगटई में स्थित गोदाम में सेंध लगाई और महंगे बिजली के उपकरण और अन्य सामान चुराकर उसे ट्रक में भरकर ले जाने की तैयारी में थे। जैसे ही पुलिस को सूचना मिली, उन्होंने इलाके में घेराबंदी की और सतर्कता के साथ कार्रवाई करते हुए उन्हें पकड़ लिया। पुलिस ने मौके से ट्रक सहित सारा चोरी का माल बरामद कर लिया है, जिससे लाखों रुपये मूल्य के सामान की रिकवरी हुई है।
गिरफ्तार किए गए चोरों से पूछताछ जारी है और पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि उन्होंने और किन-किन स्थानों पर चोरी की वारदातों को अंजाम दिया है। प्राथमिक जांच से पता चला है कि यह गिरोह संगठित तरीके से काम करता था और अन्य अपराधों में भी संलिप्त हो सकता है। पकड़े गए आरोपियों के बारे में पता चला है कि एक आरोपी गैंगस्टर भी है। जिसका नाम कोमल बताया गया है। अभी पुलिस टीम और भी जानकारी जुटा रही है।