पांच अगस्त को कार्यकर्ता सम्मेलन के साथ सपा आगरा में करेगी मिशन 2027 का शंखनाद, प्रदेशाध्य़क्ष भरेंगे चुनावी हुंकार
आगरा। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियों को धार देने के लिए समाजवादी पार्टी ने संगठनात्मक गतिविधियों और चुनावी अभियान को तेज कर दिया है। इसी क्रम में समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल आगामी 5 अगस्त को आगरा पहुंचेंगे, जहां आगरा छावनी विधानसभा क्षेत्र में आयोजित विशाल चुनावी कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर विधानसभा चुनाव-2027 का चुनावी संदेश देंगे। सम्मेलन में संगठन की मजबूती, बूथ प्रबंधन, पीडीए अभियान के विस्तार और चुनावी रणनीति पर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया जाएगा।
समाजवादी पार्टी आगरा महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास ने रविवार को बताया कि यह सम्मेलन केवल एक संगठनात्मक कार्यक्रम नहीं, बल्कि वर्ष 2027 में सत्ता परिवर्तन के संकल्प का ऐतिहासिक आगाज़ होगा।
उन्होंने बताया कि पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल सम्मेलन में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने, प्रभावी बूथ प्रबंधन, पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) अभियान के विस्तार, घर-घर जनसंपर्क, मतदाता संवाद और चुनावी रणनीति पर विस्तार से मार्गदर्शन देंगे। साथ ही भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ संघर्ष को और तेज करने तथा समाजवादी पार्टी की नीतियों को जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने का आह्वान करेंगे।
शब्बीर अब्बास ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार महंगाई, बेरोजगारी, किसानों, युवाओं, महिलाओं, व्यापारियों और आम जनता के मुद्दों पर पूरी तरह विफल रही है। उनका दावा है कि प्रदेश की जनता बदलाव का मन बना चुकी है। उन्होंने कहा कि 5 अगस्त का यह सम्मेलन संगठन में नई ऊर्जा, नया उत्साह और जीत का विश्वास पैदा करेगा।
शब्बीर अब्बास ने विधानसभा समिति के सभी पदाधिकारियों, जोन एवं सेक्टर प्रभारियों, ब्लॉक अध्यक्षों, बूथ अध्यक्षों, पीडीए समिति के संयोजकों एवं सदस्यों, महिला सभा, युवजन सभा, छात्र सभा, लोहिया वाहिनी, अल्पसंख्यक सभा, पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ, सभी फ्रंटल संगठनों के पदाधिकारियों, वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों तथा समाजवादी विचारधारा में विश्वास रखने वाले सभी कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में सम्मेलन में पहुंचकर इसे ऐतिहासिक बनाने की अपील की।