सोने की कीमत में अचानक भारी उछाल, 4000 रुपये की मारी छलांग
दिल्ली में सोने की कीमत ने नया रिकॉर्ड बनाया है। मजबूत वैश्विक संकेतों के चलते सोमवार को सोने में जोरदार तेजी आई। यह पीली धातु 1,37,600 रुपये प्रति 10 ग्राम के अब तक के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमतों में आई तेजी और सुरक्षित निवेश की बढ़ती मांग इसका कारण है।
नई दिल्ली। दिल्ली में सोने की कीमत ने नया रिकॉर्ड बनाया है। मजबूत वैश्विक संकेतों के चलते सोमवार को इसमें जोरदार तेजी आई। अखिल भारतीय सराफा संघ के अनुसार, सोना 4,000 रुपये उछल गया। यह पीली धातु चमककर 1,37,600 रुपये प्रति 10 ग्राम के अब तक के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गई। सोने की कीमत में यह उछाल अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमतों में आई तेजी और सुरक्षित निवेश की बढ़ती मांग का नतीजा है।
शुक्रवार को 99.9 फीसदी शुद्धता वाला सोना 1,33,600 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। एक समाचार पत्र से एलकेपी सिक्योरिटीज के वाइस प्रेसिडेंट (रिसर्च एनालिस्ट-कमोडिटी एंड करेंसी) जतिन त्रिवेदी ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय हाजिर बाजार में सोना 4,350 डॉलर के स्तर की ओर बढ़ा। इससे घरेलू बाजार में भी तेज उछाल देखा गया और सोने की कीमतें नई ऊंचाई पर पहुंच गईं।
त्रिवेदी ने आगे कहा, 'पीली धातु ने वैश्विक मजबूती को दर्शाते हुए तेज बढ़त के साथ एक नया सर्वकालिक ऊंचा स्तर छू लिया।' उन्होंने बताया कि इससे पहले 17 अक्टूबर को सोना 1,34,800 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर पहुंचा था।
यह तेजी सुरक्षित निवेश की मांग और इस सप्ताह जारी होने वाले अमेरिकी आर्थिक आंकड़ों को लेकर बनी उम्मीदों के कारण आई है। अब सारा ध्यान अमेरिकी वृहत आर्थिक संकेतों पर है। इससे अस्थिरता ऊंची बनी रहने की संभावना है।
इस साल अब तक सोने की कीमतों में 58,650 रुपये यानी 74.3 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। सोने का भाव 31 दिसंबर 2024 को 78,950 रुपये प्रति 10 ग्राम था।
दूसरी ओर, चांदी की कीमतों में कोई बदलाव नहीं आया। संघ के अनुसार, चांदी की कीमतें सभी टैक्स सहित 1,99,500 रुपये प्रति किलोग्राम पर स्थिर रहीं। हालांकि, इस साल अब तक चांदी की कीमतों में 1,09,800 रुपये यानी 122.41 फीसदी की जबरदस्त बढ़ोतरी हुई है। इसका भाव 31 दिसंबर 2024 को 89,700 रुपये प्रति किलोग्राम था।
अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी सोने की चमक बढ़ी। सोने का हाजिर भाव लगातार पांचवें सत्र में बढ़ा। यह 49.83 डॉलर यानी 1.16 फीसदी बढ़कर 4,350.06 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। पिछले पांच सत्रों में पीली धातु में कुल 159.32 डॉलर यानी 3.80 फीसदी की बढ़त हुई है।