तांत्रिक ताई ने चार साल की मासूम की बलि चढ़ा दी, रिश्ते का दादा भी शामिल
बरेली। तांत्रिक क्रिया के जाल में फंसी एक महिला और उसके तांत्रिक चचिया ससुर ने अपने ही परिवार की चार साल की मासूम बच्ची की बलि चढ़ा दी। सीसीटीवी कैमरे के सहारे पुलिस आरोपित तांत्रिक महिला के घर तक जा पहुंची, जहां बोरे में बंद बच्ची का शव शनिवार देर रात बरामद कर लिया।
बरेली के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने बताया कि आरोपित सावित्री (तांत्रिक ताई ) ने चार साल की एक मासूम की हत्या की है। पुलिस सावित्री (तांत्रिक ताई ) व तांत्रिक चचिया ससुर गंगाराम (,मृतका का रिश्ते में दादा) को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस को आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से पता चला कि चार वर्षीय मिस्टी दोपहर को राजीव के चेहरे भाई की पत्नी सावित्री के घर गई थी, मगर बाहर नहीं आई।
थाना इज्जतनगर के शिकारपुर चौधरी गांव में रहने वाले राजू की बेटी मिस्टी शनिवार को दोपहर में 2:00 बजे दरवाजे पर खेलते समय लापता हुई थी। स्वजनों ने इज्जतनगर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराने के साथ आशंका जताई थी उनकी बच्ची को ताई सावित्री ने तंत्रमंत्र के चक्कर में मार दिया है।
शिकारपुर चौधरी निवासी राजू मजदूरी करके परिवार का पेट पालते हैं। राजू के तीन बच्चे हैं। चार साल की मिस्टी सबसे छोटी थी। शनिवार दोपहर दो बजे के बाद से बच्ची परिजनों को कहीं नजर नहीं आई तो उसकी खोजबीन शुरू की गई।
बच्ची के परिजनों ने पुलिस को बताया कि जब से बच्ची गायब हुई थी, तभी से सावित्री ने अपने घर का दरवाजा यह कहकर बंद कर रखा कि उसे तेज बुखार आ रहा है।
जब बच्ची के परिजनों ने तलाशी लेने के लिए सावित्री से दरवाजा खोलने को कहा तो उसने मना कर दिया। परिजनों के शक जताने पर पुलिस ने सावित्री के घर की तलाशी ली तो बोरे में बंद बच्ची का शव बरामद हो गया।
सावित्री से पूछताछ पर सावित्री के चचिया ससुर गंगाराम का नाम भी सामने आया। पुलिस ने दोनों को गिरफ्त में ले लिया है। घटना की सूचना पर कुछ ही देर में गांव छावनी में तब्दील हो गया। गांव वालों ने बताया कि गंगाराम तंत्र विद्या करता है, इसलिए आशंका जताई जा रही है कि तंत्र-मंत्र के चक्कर में ही मिस्टी की बलि दी गई है।
सावित्री के पति की तीन साल पहले मौत हो चुकी है। उसकी दो बेटियां ननिहाल में और बेटा बुआ के घर रहता है। सावित्री अकेली रहती है और राजू का परिवार ही उसकी मदद करता है। इस वजह से बच्ची भी उससे लगाव रखती थी। पुलिस ने बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।