बरेली में दो वन्यजीव तस्कर गिरफ्तार 300 जीवित तोते बरामद, आरोपी इन पक्षियों को दिल्ली में बेचा करते थे

उत्तर प्रदेश के बरेली में वन विभाग और एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में अंतरराज्यीय वन्यजीव तस्करी रैकेट का भंडाफोड़ हुआ है। टीम ने कार से चार बड़े पिंजरों में भरे 300 जीवित तोतों के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी विभिन्न जिलों से तोते पकड़कर दिल्ली सप्लाई करते थे।

Nov 28, 2025 - 12:00
Nov 28, 2025 - 12:01
 0
बरेली में दो वन्यजीव तस्कर गिरफ्तार 300 जीवित तोते बरामद, आरोपी इन पक्षियों को दिल्ली में बेचा करते थे
बरेली में वन विभाग और एसटीएफ द्वारा पकड़े गये वन्य जीव तस्कर उनसे बरामद 300 तोतों के साथ।

-आरके सिंह-

बरेली। बरेली में वन विभाग और एसटीएफ की संयुक्त टीम को बुधवार देर रात बड़ी सफलता मिली है। अंतरराज्यीय वन्यजीव तस्करी में शामिल दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है, जिनके कब्जे से 300 जीवित तोते बरामद हुए हैं। दोनों आरोपी रामपुर जिले के निवासी हैं, जो लंबे समय से विभिन्न क्षेत्रों से तोते पकड़कर उन्हें दिल्ली में बेचते थे।

डीएफओ दीक्षा भंडारी ने बताया कि देर रात सूचना मिली थी कि तस्कर बरेली से होकर दिल्ली जाने वाले हैं। इसके बाद विनायक अस्पताल, कुतुबखाना और सीबीगंज क्षेत्रों में तीन टीमों को चेकिंग के लिए तैनात किया गया। रातभर चली सर्चिंग के दौरान इस्लामिया मार्केट के पास एक संदिग्ध कार दिखाई दी, जिस पर टीमों ने पीछा किया। तस्करों ने कार की रफ्तार बढ़ाकर भागने की कोशिश की, लेकिन सीबीगंज की ओर पहले से तैनात टीम ने रास्ता रोक दिया। दोनों तरफ से घिरने पर तस्कर किला पुल पर धर लिए गए।

कार की तलाशी में चार बड़े पिंजरों में भरे 300 तोते, एक कार, दो मोबाइल फोन और 830 रुपये नकद बरामद हुए। पकड़े गए तस्करों की पहचान अर्सलान खान पुत्र शाकिर, निवासी बरेली गेट, रामपुर और शाकिब पुत्र शानू, निवासी बिलासपुर गेट, रामपुर के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने कबूला कि वे विभिन्न जिलों से तोते पकड़कर शहर में अलग-अलग जगहों पर रखते थे और फिर उन्हें दिल्ली ले जाकर बेचते थे।

वन विभाग ने इनके नेटवर्क, सप्लाई रूट और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश शुरू कर दी है। घटना की जानकारी मिलने पर मुख्य वन संरक्षक पीपी सिंह और डीएफओ दीक्षा भंडारी मौके पर पहुंचे और आरोपितों से पूछताछ की।

इस संयुक्त अभियान में एसटीएफ निरीक्षक प्रमोद कुमार वर्मा, वन विभाग के रेंजर वैभव चौधरी, हरेंद्र गंगवार, रमाकांत सक्सेना, ओमवीर सिंह, चिंतामणि शर्मा, शुभम सिंह, शिवम जौहरी और मनोज कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

SP_Singh AURGURU Editor