उमा भारती बोलीं- शाहजहांपुर का नाम बदलें योगी जी, मैं यह नाम दोबारा सुनना भी नहीं चाहती

पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता उमा भारती ने शनिवार को आंवला से लोधी समाज और पूरे हिंदू समाज को एकजुट होने, इतिहास की गौरव गाथा को याद करने और धर्म, संस्कृति तथा समाज के हित में कार्य करने की अपील की। उन्होंने शाहजहांपुर के नाम को बदलने की मांग करते हुए इस दिशा में तत्काल कदम उठाने की जरूरत बताई।

Aug 16, 2025 - 21:29
Aug 16, 2025 - 21:32
 0
उमा भारती बोलीं- शाहजहांपुर का नाम बदलें योगी जी, मैं यह नाम दोबारा सुनना भी नहीं चाहती
बरेली के आंवला में शनिवार को रानी अवंतीबाई की प्रतिमा का अनावरण करने के बाद मंच से जनसमूह का अभिवादन करतीं पूर्व मुख्मयंत्री उमा भारती।

-आंवला में रानी अवंतीबाई लोधी प्रतिमा के अनावरण में पुराने तेवरों में दिखीं साध्वी, कहा- गुलामी के दौर की याद दिलाता है शाहजहांपुर नाम

-आरके सिंह- 

बरेली/आंवला। मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा की वरिष्ठ नेता साध्वी उमा भारती ने आंवला में वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में कहा कि शाहजहांपुर का नाम बदला जाना चाहिए। कहा, मैं दोबारा शाहजहांपुर नाम सुनना भी नहीं चाहती। यह नाम ग़ुलामी के दौर की याद दिलाता है। योगी जी से अनुरोध है कि इसकी जगह नया नाम प्रस्तावित किया जाए। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ लोग भी यह मानते हैं कि किसी ऐसे व्यक्ति के नाम पर जिले का नाम रहना उचित नहीं है जो इतिहास में अन्याय और गुलामी का प्रतीक है।

रानी अवंतीबाई लोधी की प्रतिमा का अनावरण

उमा भारती आंवला में डिग्री कॉलेज के निकट रेलवे स्टेशन रोड तिराहे पर रानी अवंतीबाई लोधी की भव्य प्रतिमा का अनावरण करने के बाद उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि रानी अवंतीबाई ने अपने जीवन में हमेशा तलवार उठाकर राज्य और लोगों की रक्षा की। उनके जीवन से प्रेरणा लेते हुए लोधी समाज को नशा, जुआ आदि से दूर रहकर शिक्षित हो और समाज के साथ एकजुट रहे।

लोधी समाज और भाजपा के बीच ऐतिहासिक योगदान

साध्वी ने मंच से याद दिलाया कि लोधी समाज ने भाजपा को प्लेटफार्म दिया और इसके पहले पार्टी की छवि पिछड़ों के हितैषी के रूप में नहीं थी। लोधी समाज ने भाजपा का सम्मान किया, और पार्टी ने समाज का मान रखा। उन्होंने स्पष्ट किया कि लोधियों को ना चापलूसी आती है और ना साजिश करनी आती है। भाजपा ने लोधी समाज से दो-दो मुख्यमंत्री दिए हैं और समाज ने हमेशा पार्टी का साथ दिया।

राष्ट्रीय अस्मिता और धार्मिक विरासत की रक्षा

उमा भारती ने कहा कि अभी मथुरा और काशी के लिए कोर्ट में अर्जी दी गई है और सुनवाई हो रही है। उन्होंने कहा कि मीर बाकी ने हमारी विरासत पर कील ठोकने का काम किया था। हमने राष्ट्रीय अस्मिता की रक्षा करने के लिए अयोध्या में भव्य मंदिर निर्माण किया। उन्होंने कहा कि हमसे इमारे इष्टदेवों के जन्मस्थान के प्रमाण मांगे जाते हैं जबकि ईसाइयों का प्रमुख धार्मिक स्थल वेटिकन सिटी के साथ ऐसी बात नहीं होती। उन्होंने स्व. कल्याण सिंह को बब्बर शेर बताते हुए कहा कि उन्होंने रामभक्तों, धर्म और संस्कृति के संरक्षण में अपनी सत्ता की चिंता नहीं की।

हिंदू समाज को एकजुट रहने की अपील

उमा भारती ने कहा कि जाति के नाम पर हिंदू समाज को बांटने का षड्यंत्र चल रहा है। हमें इन चक्करों में नहीं पड़ना है। पिछड़ों और दलितों को आगे आना होगा, समाज और सत्ता में उन्हें बराबर की भागीदारी देनी होगी। उन्होंने अटल बिहारी वाजपेयी का उदाहरण दिया, जिन्होंने समाज और सत्ता में संतुलित भागीदारी सुनिश्चित की।

अन्य वक्ताओं ने ये-ये कहा

इस मौके पर मौजूद केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा ने कहा कि रानी अवंतीबाई बचपन से तलवार के माध्यम से खेलती थीं, राज्य और लोगों के लिए आखिरी साँस तक लड़ती रहीं।

यूपी के कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि प्रतिमा का अनावरण गौरव का पल है लोधी समाज का योगदान और महिला बटालियन में नामों का सम्मान है।

भाजपा सांसद साक्षी महाराज ने कहा कि राम मंदिर आंदोलन में कल्याण सिंह और उमा भारती की भूमिका अहम थी। पूर्व सांसद राजवीर सिंह राजू भैया ने समाज को आगे ले जाने के लिए एकजुट होने की जरूरत पर जोर दिया।

सहकारिता मंत्री जेपीएस राठौर ने बताया कि महिला उत्थान के लिए पीएसी में तीन महिला बटालियन बनाई जा रही हैं।

समारोह में अन्य उपस्थित नेताओं में अरुण सक्सेना, अर्चना वर्मा, स्वामी प्रवक्तानंद, मुकेश राजपूत, लक्ष्मी पटेल, हरिओम वर्मा, वीरेंद्र लोधी, महेंद्र सिंह खड़गवंशी, जयपाल सिंह व्यस्त, राजबाला, बाबूराम पासवान, संजीव अग्रवाल, घनश्याम लोधी, गंगाचरण राजपूत, धर्मेंद्र कश्यप आदि प्रमुख थे।

SP_Singh AURGURU Editor