आगरा में रिश्तों को कलंकित करने वाला ताऊ गिरफ्तार, नाबालिग भतीजी से छेड़छाड़ की थी
आगरा की ट्रांस यमुना कॉलोनी में रिश्तों को शर्मसार करने वाले मामले में पुलिस ने सख्त एक्शन लिया है। माता-पिता को खो चुकी एक नाबालिग बालिका के साथ उसके ही ताऊ द्वारा छेड़छाड़ किए जाने के आरोप में पुलिस ने अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। नाबालिग की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी को दबोच लिया।
आगरा। ट्रांस यमुना कॉलोनी क्षेत्र में रहने वाली एक नाबालिग बालिका के साथ छेड़छाड़ के मामले में पुलिस ने आरोपी ताऊ को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता के माता-पिता की पहले ही मृत्यु हो चुकी है, जिसके बाद वह अपनी दादी के साथ अपने ताऊ के घर पर ही रह रही थी।
पीड़िता के अनुसार 4 फरवरी को जब वह घर पर अकेली थी, उसी दौरान उसके ताऊ मुकेश ने उससे छेड़छाड़ शुरू कर दी। बालिका द्वारा विरोध करने पर आरोपी और उग्र हो गया और उसके साथ मारपीट की।
पीड़िता ने हिम्मत दिखाते हुए अपने बचाव में ताऊ को धक्का दिया और जोर-जोर से शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर सुनकर पड़ोसी मौके की ओर दौड़े तो उन्हें आता देख आरोपी ताऊ मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद नाबालिग बालिका ने हिम्मत जुटाकर पुलिस से शिकायत की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी मुकेश (ताऊ) को ईंट की मंडी के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार अभियुक्त मुकेश टेड़ी बगिया क्षेत्र के राधा नगर का निवासी है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को विधिक कार्रवाई के लिए न्यायालय में पेश किया गया।