आगरा के किरावली क्षेत्र में बेकाबू क्रेटा ने कांवड़ियों को कुचला: एक की मौत, पांच घायल

किरावली (आगरा)। सावन के पवित्र माह में भगवान शिव को चढ़ाने के लिए गंगाजल लेकर लौट रहे कांवड़ियों को तेज़ रफ्तार क्रेटा गाड़ी ने रौंद दिया। यह हृदय विदारक हादसा रविवार देर रात थाना किरावली क्षेत्र के ग्राम सराय के समीप इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास घटित हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक कांवड़िए की मौके पर ही मौत हो गई जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

Aug 4, 2025 - 18:18
 0
आगरा के किरावली क्षेत्र में बेकाबू क्रेटा ने कांवड़ियों को कुचला: एक की मौत, पांच घायल
हादसे में मृत रौकी का फाइल फोटो।

-सोरों से 71 किलो गंगाजल लेकर लौट रहे थे श्रद्धालु, हादसे से गांव में पसरा मातम

पुलिस ने बताया कि हादसे के बाद घायलों को आनन-फानन में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। मृतक की पहचान 22 वर्षीय रौकी उर्फ यदुवीर पुत्र जितेंद्र सिंह उर्फ कलुआ, निवासी ग्राम टीकरी, थाना कागारौल के रूप में हुई है।

घायल युवकों में कन्नू पुत्र भूपेंद्र, गोविंदा पुत्र गीताराम, सुभाष पुत्र सुरेश, राकेश पुत्र यादराम और राहुल पुत्र नेत्रपाल शामिल हैं। ये सभी युवक अपने गांव टीकरी से डेढ़ दर्जन कांवड़ियों के साथ सोरों से 71 किलो गंगाजल लाकर सोमवार को शिव मंदिर में जलाभिषेक करने जा रहे थे।

स्थानीय लोगों के अनुसार, हादसा रविवार रात लगभग 11 बजे हुआ, जब श्रद्धालु आगरा-जयपुर मार्ग पर सराय गांव के पास से गुजर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार क्रेटा ने उन्हें कुचल दिया।

हादसे की सूचना मिलते ही किरावली थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। क्रेटा गाड़ी को कब्जे में ले लिया गया है और चालक की पहचान कर कार्रवाई की जा रही है। तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज किया जाएगा।

इस हादसे के बाद टीकरी गांव में मातम छा गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

SP_Singh AURGURU Editor