बरेली में हाईवे पर 20 वाहन आपस में टकराए, रोडवेज बस के सहचालक की मौत, 24 लोग घायल

-रमेश कुमार सिंह- बरेली। घने कोहरे और शून्य दृश्यता ने रविवार सुबह बरेली जिले में भीषण हादसे को जन्म दे दिया। फरीदपुर थाना क्षेत्र में दिल्ली–लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर द्वारकेश चीनी मिल से पहले पचौमी गांव के पास करीब 20 छोटे-बड़े वाहन आपस में टकरा गए। इस दर्दनाक सड़क दुर्घटना में रोडवेज बस के सहचालक की मौत हो गई, जबकि 24 लोग घायल हो गए, जिनमें चार की हालत गंभीर बताई जा रही है।

Jan 18, 2026 - 16:35
 0
बरेली में हाईवे पर 20 वाहन आपस में टकराए, रोडवेज बस के सहचालक की मौत, 24 लोग घायल

सुबह आठ बजे शुरू हुआ हादसों का सिलसिला

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रविवार सुबह करीब 8 बजे इलाके में घना कोहरा छाया हुआ था, जिससे हाईवे पर विजिबिलिटी लगभग शून्य हो गई थी। इसी दौरान गोरखपुर से मेरठ जा रही एक रोडवेज बस आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। इसके बाद पीछे से आ रहे वाहन एक-एक कर आपस में भिड़ते चले गए और कुछ ही क्षणों में हाईवे पर हादसों की श्रृंखला बन गई।

दुर्घटना में तीन रोडवेज बसें, एक ट्रक, एक डीसीएम और कई कारें क्षतिग्रस्त हो गईं। एक डीसीएम अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे पेड़ों में जा घुसी, जबकि कुछ वाहन सड़क से नीचे उतर गए।

सहचालक की मौत, चालक की हालत गंभीर

हादसे में रोडवेज बस चालक अतर सिंह, निवासी ग्राम बहादुरपुर हुसैनपुर, जनपद मुजफ्फरनगर, बस में फंस गए थे। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद उन्हें बाहर निकालकर अस्पताल भिजवाया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।

बस के सहचालक राहुल, निवासी ग्राम करथल, जनपद मुजफ्फरनगर, को गंभीर अवस्था में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फरीदपुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

बरेली डिपो की एक रोडवेज बस में सवार बलराम, उनकी पत्नी यशोधरा और दो बच्चे कटरा से दिल्ली जा रहे थे। हादसे में उनकी 10 वर्षीय बेटी माही घायल हो गई, जिसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।

हाईवे पर जाम, पुलिस ने संभाला मोर्चा

दुर्घटना के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और दोनों ओर लंबा जाम लग गया। सूचना मिलते ही फरीदपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। प्रभारी निरीक्षक राधेश्याम के नेतृत्व में राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया गया।
क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाया गया, जिसके बाद करीब आधे घंटे बाद यातायात सुचारू कराया जा सका। घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया।

पुलिस ने बताया कि मामूली रूप से घायल कई यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया है, जबकि गंभीर घायलों का इलाज जारी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

SP_Singh AURGURU Editor