आगरा में पथौली रोड पर युवक का खून से लथपथ शव मिला, चेहरे को कुचलकर पहचान मिटाई

आगरा। शाहगंज-पथौली मार्ग स्थित किरन कॉलोनी के पास मंगलवार को एक युवक का खून से लथपथ शव मिलने से हड़कंप मच गया। शव की हालत देखकर ही प्रतीत हो रहा था कि मामला हत्या का है। हत्यारे ने ईंट-पत्थर से चेहरा इस कदर कुचला कि मृतक की पहचान करना भी मुश्किल हो गया।

Jun 3, 2025 - 22:13
 0
आगरा में पथौली रोड पर युवक का खून से लथपथ शव मिला, चेहरे को कुचलकर पहचान मिटाई

पुलिस को शव सड़क किनारे पड़े होने की सूचना राहगीरों ने दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने तुरंत फॉरेंसिक टीम को बुलाकर जांच शुरू कर दी। शव के आसपास खून से सनी ईंटें और पत्थर मिले हैं, जिससे अंदेशा है कि हत्या रात में ही की गई और शव यहां लाकर फेंका गया।

हत्यारों ने मिटा दी पहचान

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मृतक की उम्र 17 से 18 वर्ष के बीच है। हत्यारों ने ऐसा बर्बर वार किया है कि उसका चेहरा पूरी तरह बिगड़ चुका है। यह संकेत है कि पहचान छिपाने के इरादे से हत्या को अंजाम दिया गया।

शिनाख्त के प्रयास जारी

शाहगंज थाना पुलिस मृतक की शिनाख्त में जुटी है। स्थानीय थानों में गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाली जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल डेटा की भी जांच की जा रही है ताकि हत्यारों तक पहुंचा जा सके।

पुलिस का कहना है कि शव की हालत देख लग रहा है कि हत्या बहुत ही क्रूर तरीके से की गई है। कई बिंदुओं पर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

Top of Form

Bottom of Form

SP_Singh AURGURU Editor