आगरा कॉलेज में एलएल.बी.-बीए एलएल.बी. प्रवेश शुरू, 26 सितंबर तक आवेदन, समर्थ पोर्टल पर आवेदन अपडेट करने की अंतिम तिथि 22 सितंबर
आगरा। आगरा कॉलेज के विधि संकाय में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए एलएल.बी. एवं बी.ए. एलएल.बी. प्रथम वर्ष में प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। कॉलेज पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 26 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है, जबकि डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय, आगरा के समर्थ पोर्टल पर पूर्व पंजीकृत अभ्यर्थियों के आवेदन में संशोधन और आवश्यक विवरण अपडेट करने की अंतिम तिथि 22 सितंबर है। दोनों पाठ्यक्रमों में 300-300 सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा।
दोनों पाठ्यक्रम बार काउंसिल ऑफ इंडिया से मान्यता प्राप्त हैं। कॉलेज के प्राचार्य प्रो. सी.के. गौतम ने अभ्यर्थियों से निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि अंतिम तिथि का इंतजार करने के बजाय अभ्यर्थी जल्द आवेदन पूरा करें, ताकि तकनीकी अथवा अन्य संभावित असुविधा से बचा जा सके।
पहले समर्थ पोर्टल पर प्रक्रिया पूरी करना जरूरी
विधि संकाय के प्रभारी प्रो. डी.सी. मिश्रा ने बताया कि विधि पाठ्यक्रमों में प्रवेश के इच्छुक अभ्यर्थियों को सबसे पहले डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय, आगरा के समर्थ पोर्टल पर पंजीकरण एवं आवेदन की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। विश्वविद्यालय के समर्थ पोर्टल पर पहले से पंजीकृत अभ्यर्थी 22 सितंबर तक अपने आवेदन में आवश्यक संशोधन और विवरण अपडेट कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि समर्थ पोर्टल की प्रक्रिया पूरी करने के बाद अभ्यर्थियों को आगरा कॉलेज, आगरा की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध प्रवेश पोर्टल के माध्यम से विधि संकाय में अलग से ऑनलाइन आवेदन करना अनिवार्य है। कॉलेज पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 26 सितंबर 2026 है।
कॉलेज चॉइस में आगरा कॉलेज का चयन कर सकेंगे
विधि संकाय के प्रो. गौरव कौशिक ने बताया कि विश्वविद्यालय समर्थ पोर्टल पर पहले से पंजीकृत अभ्यर्थी निर्धारित समय सीमा के भीतर अपने आवेदन को अपडेट करने के साथ कॉलेज चॉइस में आगरा कॉलेज, आगरा का चयन कर सकते हैं। आवश्यकता होने पर पूर्व में दर्ज कॉलेज चॉइस में संशोधन भी किया जा सकता है।
महाविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि केवल समर्थ पोर्टल पर पंजीकरण या आवेदन पूरा करना पर्याप्त नहीं होगा। अभ्यर्थियों को विश्वविद्यालय समर्थ पोर्टल की प्रक्रिया के साथ आगरा कॉलेज के प्रवेश पोर्टल पर भी अलग से आवेदन करना होगा। प्रवेश आवेदन के सुचारु पंजीकरण के लिए दोनों स्तरों की प्रक्रिया निर्धारित समय सीमा में पूरी करना आवश्यक है।
एलएल.बी. प्रथम वर्ष में 300 और बी.ए. एलएल.बी. प्रथम वर्ष में 300 सीटें उपलब्ध हैं। प्राचार्य प्रो. सी.के. गौतम ने अभ्यर्थियों से समय रहते दोनों पोर्टल की प्रक्रिया पूरी करने का आग्रह किया है।