एसआईआर पर आगरा भाजपा का कांग्रेस पर हमला, कहा- मतदाता सूची को सटीक बनाने की प्रक्रिया को लेकर फैलाया जा रहा भ्रम

आगरा। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर भारतीय जनता पार्टी आगरा महानगर और जिले ने कांग्रेस पर जनता को भ्रमित करने का आरोप लगाया है। जयपुर हाउस स्थित भाजपा ब्रज क्षेत्र कार्यालय पर आयोजित संयुक्त प्रेस वार्ता में भाजपा नेताओं ने कहा कि एसआईआर का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक सटीक और विश्वसनीय बनाना है। उन्होंने कांग्रेस पर संवैधानिक संस्थाओं और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं पर सवाल उठाकर भ्रम का माहौल बनाने का आरोप लगाया। नेताओं ने आगरा में मुख्य चुनाव आयुक्त के आवास के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन की निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

Sep 28, 2026 - 21:12
 0
एसआईआर पर आगरा भाजपा का कांग्रेस पर हमला, कहा- मतदाता सूची को सटीक बनाने की प्रक्रिया को लेकर फैलाया जा रहा भ्रम
एसआईआर के मुद्दे पर सोमवार को भाजपा के बृज क्षेत्र कार्यालय में पत्रकारों से बात करते भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत पौनिया, शहर अध्यक्ष राज कुमार गुप्ता, मेयर और जिला पंचायत अध्यक्ष।

महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह ने कहा कि लगातार चुनावों में मिल रही हार से बौखलाई कांग्रेस पार्टी अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए संवैधानिक संस्थाओं पर हमला कर रही है। लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं का सम्मान करने के बजाय कांग्रेस लगातार जनादेश का अनादर कर रही है।

जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू भदौरिया ने कहा कि कांग्रेस के नेता अब संवैधानिक और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं के माध्यम से जनता का विश्वास प्राप्त नहीं कर सकते। इसलिए पूरे लोकतांत्रिक सिस्टम पर प्रहार और भ्रम फैलाकर उसे ध्वस्त करने का प्रयास किया जा रहा है।

भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत पोनिया ने कहा कि चुनाव आयोग की बैठक में दूध का दूध और पानी का पानी हो गया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस की सरपरस्ती में संपूर्ण विपक्ष भ्रम, नफरत और झूठ फैलाने का काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी की छोटी सोच अब जनता के बीच बेनकाब हो गई है।

भाजपा के महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता ने कहा कि तीनों चुनाव आयुक्तों की सहमति से देश के सभी राज्यों में SIR एवं अन्य महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल खड़ा करना कांग्रेस पार्टी की हताशा का प्रतीक है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए चुनाव आयोग, सुप्रीम कोर्ट और अन्य संवैधानिक संस्थाओं पर लगातार सवाल उठाकर उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने का प्रयास कर रही है।

भाजपा नेताओं ने आगरा में सोमवार सुबह कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा मुख्य चुनाव आयुक्त के आवास के बाहर किए गए प्रदर्शन की भी निंदा की। उन्होंने पथराव, वॉल पेंटिंग तथा अभद्र एवं गैर-संसदीय भाषा के प्रयोग का आरोप लगाते हुए दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की। सोमवार को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के आगरा स्थित आवास के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन और दीवार व गेट पर नारे लिखे जाने की खबरें सामने आई थीं।

प्रेस वार्ता में भाजपा आगरा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, जिला अध्यक्ष प्रशांत पोनिया, जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू भदौरिया, महापौर हेमलता दिवाकर, बीना लवानिया, अनीता खरे, सहदेव शर्मा, मनमोहन कुशवाह, महानगर मीडिया प्रभारी रोहित कत्याल और जिला सह मीडिया प्रभारी मनीष थापक आदि मौजूद रहे।

SP_Singh AURGURU Editor