‘मेरे सपनों का भारत’ चित्रकला प्रतियोगिता में आगरा कॉलेज के विद्यार्थियों का शानदार प्रदर्शन, कंचन ने प्रथम, संजना श्रीवास्तव ने तृतीय और कल्पना ने सांत्वना पुरस्कार हासिल किया
आगरा। ‘विकसित भारत@2047’ के सामूहिक राष्ट्रीय संकल्प के तहत आयोजित ‘सेवा संकल्प अभियान’ की ‘मेरे सपनों का भारत’ चित्रकला प्रतियोगिता में आगरा कॉलेज के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन पुरस्कार अपने नाम किए। विवेकानंद परिसर, खंदारी में आयोजित प्रतियोगिता में आगरा कॉलेज की कंचन ने प्रथम, संजना श्रीवास्तव ने तृतीय और कल्पना ने सांत्वना पुरस्कार हासिल किया।
डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय, आगरा से संबद्ध विभिन्न महाविद्यालयों और ललित कला संस्थान के करीब 130 विद्यार्थियों ने प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया। आगरा कॉलेज से 17 सितंबर को कॉलेज के चित्रकला विभाग में आयोजित प्रारंभिक पेंटिंग प्रतियोगिता के लिए चयनित 15 विद्यार्थियों ने 29 सितंबर को विवेकानंद परिसर में हुई अंतिम प्रतियोगिता में भाग लिया।
प्रतियोगिता ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर आयोजित की गई। इसमें विद्यार्थियों ने अपनी कल्पना और कला के माध्यम से विकसित भारत की तस्वीर को चित्रों में उकेरा। आगरा कॉलेज की कंचन, बी.एड. प्रथम सत्र ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। संजना श्रीवास्तव, बी.एड. प्रथम सत्र ने तृतीय स्थान हासिल किया, जबकि कल्पना, बी.ए. पंचम सत्र को सांत्वना पुरस्कार मिला।
प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले आगरा कॉलेज के अन्य विद्यार्थियों को भी प्रतिभागिता प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।
इस उपलब्धि पर आगरा कॉलेज के प्राचार्य प्रोफेसर सी.के. गौतम ने विजेता और प्रतिभागी विद्यार्थियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि रचनात्मक और राष्ट्र निर्माण से जुड़ी गतिविधियां विद्यार्थियों में सृजनात्मकता, सामाजिक चेतना तथा विकसित भारत के संकल्प के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में चित्रकला विभागाध्यक्ष श्रीमती मनीषा दोहरे के निर्देशन तथा श्री राज सक्सेना, बी.एड. विभाग के सहयोग की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आगरा कॉलेज परिवार ने विद्यार्थियों की उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। आगरा कॉलेज में भी इस अभियान के अंतर्गत विद्यार्थियों की रचनात्मक और अन्य गतिविधियों में भागीदारी कराई जा रही है। इससे पहले 17 सितंबर को कॉलेज में हुई ‘मेरे सपनों का भारत’ चित्रकला प्रतियोगिता में 63 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया था और चयनित विद्यार्थियों को आगे की प्रतियोगिता के लिए भेजा गया था।