आगरा जीआरपी ने जहरखुरानी का 24 घंटे में किया खुलासा, साबरमती एक्सप्रेस से यात्री का सामान उड़ाने वाला गिरफ्तार

आगरा जीआरपी ने साबरमती एक्सप्रेस में जहरखुरानी कर यात्री का सामान चोरी करने के मामले का 24 घंटे में खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। 2 अक्टूबर को जयपुर से आगरा कैंट के बीच जनरल कोच में हुई वारदात में आरोपी ने यात्री को नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश किया और उसका सामान पार कर दिया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ASUS लैपटॉप, XIOMI Tablet Pad 7, दोनों के चार्जर तथा एल्प्राजोलाम की 48 गोलियां बरामद की हैं।

Oct 3, 2026 - 21:12
 0
आगरा जीआरपी ने जहरखुरानी का 24 घंटे में किया खुलासा, साबरमती एक्सप्रेस से यात्री का सामान उड़ाने वाला गिरफ्तार
आगरा जीआरपी द्वारा जहरखुरानी के आरोप में गिरफ्तार सरफुद्दीन उर्फ सरफू और इसके बारे में जानकारी देते रेलवे पुलिस के अधिकारी।

आगरा। साबरमती एक्सप्रेस में जहरखुरानी कर यात्री का सामान चोरी करने के मामले में आगरा जीआरपी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार 2 अक्टूबर को जयपुर से आगरा कैंट के बीच जनरल कोच में यात्री को नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश करने के बाद उसका सामान चोरी किया गया था।

जीआरपी ने सीसीटीवी फुटेज और पीड़ित की पहचान के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सरफुद्दीन उर्फ सरफू उर्फ सरफराज के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ASUS लैपटॉप और उसका चार्जर बरामद किया है। इसके अलावा XIOMI Tablet Pad 7 और उसका चार्जर भी बरामद किया गया। आरोपी के पास से एल्प्राजोलाम की 48 गोलियां तथा पिसी हुई गोलियों की एक पुड़िया भी मिली है।

जीआरपी ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

जहरखुरानी की वारदात का 24 घंटे में खुलासा करने पर एसपी रेलवे, आगरा ने पुलिस टीम को 10 हजार रुपये के पुरस्कार की घोषणा की है।

SP_Singh AURGURU Editor