मैथ्स जीनियस 2025 में चमके आगरा के अविनाश और नव्यः राष्ट्रीय स्तर पर हासिल की शीर्ष रैंक
आगरा। सेंट थॉमस स्कूल, आगरा के दो प्रतिभाशाली छात्रों ने एक बार फिर शहर का गौरव बढ़ा दिया है। मैथ्स जीनियस 2025 प्रतियोगिता में मास्टर अविनाश गौतम और मास्टर नव्य मेहरोत्रा ने राष्ट्रीय स्तर पर शीर्ष रैंक हासिल की है। अविनाश ने कक्षा 7वीं वर्ग में और नव्य ने कक्षा 10वीं वर्ग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। दोनों को एक-एक लाख रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया गया।
16 राज्यों के बीच मारी बाजी
यह प्रतियोगिता जुलाई 2025 में आयोजित की गई थी, जिसमें 16 से अधिक राज्यों और 10,000 से अधिक छात्रों ने भाग लिया था। प्रतियोगिता में छात्रों की गणितीय सोच, तर्कशक्ति और प्रॊब्लम सॊल्विंग स्किल्स का गहन परीक्षण किया गया।
दोनों छात्रों की सफलता ने न केवल विद्यालय का नाम रोशन किया, बल्कि यह भी साबित किया कि आगरा शिक्षा और प्रतिभा के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
भारत को फिर गणित में विश्व गुरु बनाना होगा- मनीष मंजुल
पुरस्कार समारोह में आई एम समर्थ एजुकेशन ऐप के संस्थापक मनीष मंजुल ने कहा कि इस प्रतियोगिता का उद्देश्य भारत के प्रत्येक छात्र में गणित के प्रति आत्मविश्वास और रुचि बढ़ाना है। उन्होंने कहा, हम भारतीयों को शून्य की खोज का श्रेय दिया जाता है, फिर भी अग्रणी गणितीय संस्थान हमारे देश के बाहर हैं। अब समय आ गया है कि भारत गणित के क्षेत्र में पुनः नेतृत्व करे।
उन्होंने यह भी बताया कि नवंबर 2025 में आयोजित होने वाली अगली प्रतियोगिता में 9 करोड़ रुपए से अधिक की पुरस्कार राशि के साथ 22,000 से अधिक पुरस्कार दिए जाएंगे। वहीं 2026 में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले विद्यालय को ₹79,00,001/- के ग्रैंड अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा।
डॉ. सुशील गुप्ता ने बच्चों को दिया प्रोत्साहन
समारोह में उपस्थित प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल के निदेशक डॉ. सुशील गुप्ता ने कहा कि अविनाश और नव्य ने पूरे देश में आगरा का नाम गौरवान्वित किया है। उनकी यह सफलता आने वाली पीढ़ी को भी प्रेरित करेगी। उन्होंने अपनी ओर से दोनों विजेता छात्रों को 11,000-11,000 रुपये का विशेष प्रोत्साहन पुरस्कार उनके विद्यालय में बुलाकर देने की घोषणा भी की।