दिल्ली आ रही एयर इंडिया फ्लाइट तकनीकी गड़बड़ी से हांगकांग लौटी, लखनऊ में भी बड़ा हादसा टला
लखनऊ/हांगकांग। अहमदाबाद में हाल ही में हुए भीषण विमान हादसे और केदारनाथ में हेलीकॉप्टर क्रैश की घटना के बाद अब हांगकांग और लखनऊ से विमान सुरक्षा को लेकर चिंताजनक खबरें सामने आई हैं। हांगकांग से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की एक फ्लाइट को तकनीकी गड़बड़ी के शक में वापस लौटाना प़ड़ा तो लखनऊ एयरपोर्ट पर सऊदी अरब के एक विमान में लैंडिंग के वक्त बड़ा हादसा टल गया।
हांगकांग से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI-315 को बीच रास्ते से वापस हांगकांग लौटना पड़ा। उड़ान के दौरान पायलट को तकनीकी गड़बड़ी का संदेह हुआ, जिसके बाद सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए विमान को रिटर्न कराया गया। विमान में बड़ी संख्या में भारतीय यात्री भी सवार थे। अब हांगकांग एयरपोर्ट पर इस विमान की तकनीकी जांच की जा रही है।
उधर, लखनऊ एयरपोर्ट पर आज सुबह एक बड़ा हादसा टल गया। सऊदी अरब के एक विमान के लैंडिंग के दौरान एक पहिए से चिंगारी और धुआं उठने लगा। विमान में 250 यात्री सवार थे। एयर ट्रैफिक कंट्रोल और ग्राउंड स्टाफ की तत्परता से सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया गया।
इन घटनाओं से ठीक पहले केदारनाथ में एक हेलीकॉप्टर क्रैश हो चुका है और अहमदाबाद में एक ड्रीमलाइनर विमान के रिहायशी इलाके में गिरने से भारी जनहानि हुई थी। लगातार हो रही इन घटनाओं से यात्रियों के मन में भय का माहौल बन गया है और नागरिक उड्डयन सुरक्षा प्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।
डीजीसीए द्वारा इन मामलों की उच्च स्तरीय जांच की जा रही है। यात्रियों की सुरक्षा को लेकर अब देशव्यापी समीक्षा की मांग उठ रही है।