नौअप्रैल को होगा सामूहिक नवकार मंत्र जाप, 100 देशों के साथ जुड़ेगा आगरा
आगरा। जैन इंटरनेशनल ट्रेड ऑर्गनाइजेशन (JITO) के आगरा चैप्टर द्वारा 7 अप्रैल को एपेक्स विंग, महिला विंग और युवा विंग की संयुक्त बैठक आयोजित कर आगामी नवकार मंत्र दिवस को भव्य और प्रभावी बनाने की रणनीति को अंतिम रूप दिया गया। बैठक में कार्यक्रम के पोस्टर का विधिवत विमोचन करने के साथ ही व्यवस्थाओं, प्रचार-प्रसार और अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करने पर गहन मंथन किया गया।
बैठक के दौरान उपस्थित सदस्यों ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए अपने सुझाव साझा किए और इसे जन-जन तक पहुंचाने के लिए व्यापक योजना तैयार की।
वैश्विक स्तर पर गूंजेगा नवकार मंत्र
संगठन के आगरा चैप्टर के अध्यक्ष योगेश जैन ने बताया कि 9 अप्रैल को आयोजित होने वाला नवकार मंत्र दिवस केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि विश्व शांति, सद्भावना और सकारात्मक ऊर्जा का वैश्विक अभियान है।
उन्होंने जानकारी दी कि आगरा में यह कार्यक्रम एम.डी. जैन इंटर कॉलेज, हरि पर्वत में प्रातः 8:00 बजे से 9:30 बजे तक आयोजित किया जाएगा। इसी समय विश्व के 100 से अधिक देशों में एक साथ नवकार मंत्र का जाप किया जाएगा, जो एक ऐतिहासिक आध्यात्मिक समन्वय होगा।
बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा, प्रबंधन, प्रचार-प्रसार और जनसहभागिता बढ़ाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही यह भी तय किया गया कि शहर के सामाजिक संगठनों, युवा समूहों और धार्मिक संस्थाओं को इस अभियान से जोड़कर इसे जनांदोलन का स्वरूप दिया जाएगा।
आगरा बनेगा आध्यात्मिक नेतृत्व का केंद्र
योगेश जैन ने कहा कि आगरा इस वैश्विक पहल में अग्रणी भूमिका निभाएगा और अधिक से अधिक नागरिकों की भागीदारी से यह आयोजन ऐतिहासिक बनेगा। आयोजकों के अनुसार इसका उद्देश्य लोगों के बीच संवाद, परिचय और आपसी सौहार्द को बढ़ाना है, ताकि कार्यक्रम का संदेश समाज के हर वर्ग तक पहुंचे।
बैठक में मनीष सुराणा, अक्षत जैन, संगीता जैन, तनु पटनी जैन, नितिन जैन, अशोक कोठारी, प्रदीप जैन, सौरभ जैन, विभव जैन और शिविर जैन सहित कई गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।