अप्सा फिएस्टा का सेंट एंड्रूज स्कूल में भव्य समारोह संग समापन, विद्यार्थियों ने दिखाई बहुमुखी प्रतिभा

आगरा। सेंट एंड्रूज स्कूल बरौली अहीर के वातानुकूलित प्रेक्षागृह में 15वें अप्सा फिएस्टा का ग्रैंड फिनाले एवं पुरस्कार वितरण समारोह रंग-बिरंगे सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि ब्रिग्रेडियर एन. एस. चारग, अप्सा अध्यक्ष डॉ. सुशील गुप्ता, सचिव डॉ. गिरधर शर्मा, उपाध्यक्ष डॉ. जी.एस. राना, कोषाध्यक्ष प्रद्युम्न चतुर्वेदी और अन्य अतिथियों द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।

Oct 17, 2025 - 21:22
 0
अप्सा फिएस्टा का सेंट एंड्रूज स्कूल में भव्य समारोह संग समापन, विद्यार्थियों ने दिखाई बहुमुखी प्रतिभा
अप्सा फिएस्टा के शुक्रवार को हुए समापन समारोह के मौके पर मौजूद प्रतिभागी छात्र-छात्राएं और अतिथिगण।

सांस्कृतिक कार्यक्रम का आरंभ फिएस्टा में प्रथम व द्वितीय आने वाली समूह-नृत्यों की प्रस्तुतियों से हुआ। सेंट एंड्रूज पब्लिक स्कूल कर्मयोगी के विद्यार्थियों ने गणेश वंदना की आकर्षक प्रस्तुति दी। आल सेंट्स स्कूल एवं सेंट सी.एफ. एंड्रूज स्कूल के विद्यार्थियों द्वारा स्कूल बैंड की रोचक प्रस्तुति दी गई। सेंट सी.एफ. एंड्रूज स्कूल हाथरस रोड के विद्यार्थियों ने "सीता चरित्र" की सामूहिक नृत्य प्रस्तुति से सभी को भाव विभोर कर दिया। सेंट एंड्रूज पब्लिक स्कूल कर्मयोगी, गायत्री पब्लिक स्कूल शास्त्रीपुरम तथा कर्नल्स ब्राइटलैंड पब्लिक स्कूल ने शानदार प्रस्तुतियां दीं और क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार प्राप्त किए।

कार्यक्रम में आयोजित साहित्यिक एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में हिंदी-अंग्रेजी वाद-विवाद, रंगोली, कोलाज, फैंसी ड्रेस, इंग्लिश एलोक्यूशन, एकल तथा समूह गान, स्कूल बैंड, क्रिएटिव हैंड राइटिंग, ड्राइंग व निबंध लेखन जैसी प्रतियोगिताओं में 41 स्कूलों के लगभग 650 विजेता विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए। 10 विद्यालयों को ओवर ऑल चैंपियनशिप ट्रॉफी प्रदान की गई।

मुख्य अतिथि ब्रिग्रेडियर एन.एस. चारग ने विद्यार्थियों के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए उनके शिक्षकों को बधाई दी और कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों में आत्मविश्वास और प्रेरणा बढ़ाने में सहायक होते हैं। अप्सा अध्यक्ष डॉ. सुशील गुप्ता ने बच्चों की प्रतिभा विकास और सर्वांगीण शिक्षा पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय की छात्राओं ने किया और समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

इस अवसर पर अप्सा के विभिन्न सदस्य, विद्यालयों के प्रबंधक व प्राचार्यगण आर.के. पांडेय, कर्नल अपूर्व त्यागी, मनोज बल, रामानंद चौहान, अनिकेत शर्मा, सुमित उपाध्याय, मनीष गुप्ता, डॉ. देवव्रत सारस्वत, राम अवतार यादव, वीना शर्मा, चारु पटेल, नीरज अग्रवाल, अभिषेक अग्रवाल, राजन गोयल, डॉ. अभिषेक गुप्ता, विवेक गुप्ता, पुलकित सचदेवा, डॉ. स्पर्श बंसल, सुरभि बंसल, कविता शर्मा आदि विशेष रूप से उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor