अप्सा फिएस्टा: कनिष्ठ वर्ग की एकल गायन प्रतियोगिता में देशभक्ति की गूंज, बच्चों ने दिखाया कमाल
आगरा। एसोसिएशन ऑफ़ प्रोग्रेसिव स्कूल्स ऑफ़ आगरा (अप्सा) ने 6 अक्टूबर 2025 को प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल में कनिष्ठ वर्ग की एकल गायन प्रतियोगिता का आयोजन किया। इस प्रतियोगिता की थीम देशभक्ति थी और विद्यालय प्रांगण बच्चों के देशभक्ति गीतों की गूंज से भरा रहा। अप्सा हमेशा विद्यार्थियों में छिपी प्रतिभा को निखारने के लिए अग्रणी रही है और इसी श्रृंखला में यह वार्षिक साहित्यिक, सांस्कृतिक और खेल फिएस्टा आयोजित किया जाता है।
कार्यक्रम में निर्णायक मंडल के रूप में प्रो. डॉ. अमिता त्रिपाठी, श्री संतोष कुमार कुलश्रेष्ठ और श्री सागर जग्गी उपस्थित रहे। उन्होंने बच्चों को गायन की बारीकियों के साथ-साथ प्रस्तुति सुधारने के गुर सिखाए। निर्णायक मंडल ने अप्सा और विद्यालय प्रबंधन की इस प्रकार की प्रतियोगिताओं के आयोजन हेतु सराहना की और बच्चों को और बेहतर करने के लिए प्रोत्साहित किया।
प्रतियोगिता के परिणाम इस प्रकार रहे-
गायत्री पब्लिक स्कूल, यूनिट दो – प्रथम।
गायत्री पब्लिक स्कूल, यूनिट एक – द्वितीय।
कर्नल ब्राइटलैंड पब्लिक स्कूल – तृतीय।
दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल – प्रथम सांत्वना।
सेंट एंड्रयूज पब्लिक स्कूल, कमला नगर – द्वितीय सांत्वना।
विद्यालय के निदेशक व अप्साध्यक्ष डॉ. सुशील ने सभी बच्चों की प्रशंसा करते हुए कहा कि गायन एक ऐसी कला है जो जीवन को संगीत से भर देती है और भावनाओं को व्यक्त करने का अवसर प्रदान करती है। उन्होंने बताया कि फिएस्टा के अंतर्गत प्रतिवर्ष अप्सा 2500 से 3000 पुरस्कार और पदक वितरित करती है।
कार्यक्रम का संचालन छात्रा आराध्या सिंह और प्रीतिशा त्रिपाठी ने किया। इस अवसर पर प्रो. वेद त्रिपाठी, सौरभ कुलश्रेष्ठ, प्रधानाचार्य अरविंद श्रीवास्तव, डॉ. रश्मि गांधी और गुरुसरन सिंह सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।