अरविंद केजरीवाल भी हिरासत में,  आप के भी कई समर्थक हिरासत में लिए गए,  सीजेपी के 17 सौ प्रदर्शनकारी हिरासत में लिए गए

कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन कर रही है। दिल्ली पुलिस ने इस दौरान सीजेपी के 1700  प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया है। यूट्यूबर ध्रुव राठी को भी हिरासत में लिया गया है। दिल्ली में सीजेपी के प्रदर्शन के बीच आप संयोजक अरविंद केजरीवाल को डिटेन कर लिया गया है। केजरीवाल के साथ कई आप नेता भी हिरासत में लिए गए। पुलिस लगातार ड्रोन से कई इलाकों पर नजर रख रही है। जंतर-मंतर और इसके आसपास भारी पुलिसफोर्स तैनात है। प्रदर्शन को देखते हुए सरकार अलर्ट है। दिल्ली आने वाली कई ट्रेनें कैंसिल हैं। वहीं कई मेट्रो स्टेशन भी बंद कर दिए गए हैं।

Oct 10, 2026 - 16:33
 0
अरविंद केजरीवाल भी हिरासत में,  आप के भी कई समर्थक हिरासत में लिए गए,  सीजेपी के 17 सौ प्रदर्शनकारी हिरासत में लिए गए

नई दिल्ली। दिल्ली में जंतर-मंतर जा रहे पूर्व सीएम और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल समेत आप नेता संजय सिहं, सौरभ भारद्वाज, समेत अन्य कई नेताओं को हिरासत में लिया गया है। उन्हें पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने ले जाया जा रहा है।

दिल्ली के जंतर-मंतर पर शनिवार को हो रहे प्रदर्शन में आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने शामिल होने का ऐलान किया था। केजरीवाल ने शुक्रवार को इसकी पुष्टि करते हुए कहा था कि वह अपने पूरे परिवार के साथ लोकतंत्र बचाने की लड़ाई में हिस्सा लेने जंतर-मंतर पहुंचेंगे।

 
बताया जा रहा है कि अरविंद केजरीवाल डिटेन होने से पहले जंतर-मंतर के लिए निकलने ही वाले थे। इससे पहले ही दिल्ली पुलिस ने उन्हें हिरासत में ही ले लिया है।  सुबह से ही पुलिस ने प्रदर्शनकारियों समेत विपक्ष के नेताओं को डिटेन करना शुरू कर दिया है। पुलिस ने आप नेता सौरभ भारद्वाज समेत कई विपक्षी नेताओं को हिरासत में लिया। वहीं पुलिस ने जंतर-मंतर से करीब 1700 से ज्यादा प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर बस में बैठाया है।

बताया जा रहा है कि सुबह से ही केजरीवाल के मकान के बाहर पुलिस का पहरा था। जैसे ही केजरीवाल घर से निकले सभी नेता और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर बस में बैठा लिया है। सुबह से ही पुलिस की ये कोशिश थी कि किसी भी बड़े विपक्षी नेताओं को जंतर मंतर नहीं पहुंचने देना है।

हिरासत में लिए जाने से पहले अरविंद केजरीवाल ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि जिस तरह से नेताओं को को रोका जाए वहीं धरने पर बैठ जाएं और पूरी दिल्ली को जंतर मंतर बना दें। उन्होंने कहा कि देश के सभी लोग जंतर-मंतर पर आएं, जैसे चाहे वैसे आएं, चाहे ट्रेन से आएं या फ्लाइट से आएं लेकिन दिल्ली जरूर आएं।

आप चीफ ने कहा कि कुछ भी हो लेकिन मोदी सरकार को वोट चोरी करने से रोकना होगा।  इससे पहले केजरीवाल के घर के बाहर 150 कार्यकर्ता इकट्ठे हुए जिन्हें पुलिस ने हिरासत में ले लिया, ताकि केजरीवाल को आसानी से हिरासत में ले लिया जाए।

दिल्ली पुलिस ने शनिवार को कई अहम रास्तों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू कर दिया है।  पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि उन्हें नई दिल्ली या मध्य दिल्ली के रास्ते रेलवे स्टेशन, आईएसबीटी या हवाई अड्डे जाना है तो अतिरिक्त समय लेकर यात्रा करें।

पुलिस के अनुसार, शनिवार सुबह 6 बजे से स्थिति के अनुसार कई प्रमुख चौराहों और मार्गों पर यातायात डायवर्जन लागू किया जाएगा. इनमें आउटर सर्किल कनॉट प्लेस-बाराखंबा रोड टी-पॉइंट, गोल डाकखाना गोलचक्कर, पटेल चौक गोलचक्कर, जय सिंह रोड-अशोका रोड टी-पॉइंट, आरएमएल अस्पताल गोलचक्कर और आउटर सर्किल कनॉट प्लेस-संसद मार्ग टी-पॉइंट शामिल हैं.

आप नेता सौरभ भारद्वाज ने कहा, 'आज देश के कोने-कोने से युवा अपने अधिकारों की मांग करने के लिए राजधानी में आए हैं। ज़रा सोचिए अंग्रेजों ने भी ऐसा व्यवहार नहीं किया था, जब गांधीजी ने अंग्रेजों से अपने अधिकारों की मांग करते हुए दांडी मार्च निकाला था तो उन्हें मार्च करने की अनुमति दी गई थी। अंग्रेजों ने भी आवाज उठाने के अधिकार को स्वीकार किया था।'

उन्होंने आगे कहा, 'मौजूदा सरकार कहती है कि आप अपनी आवाज भी नहीं उठा सकते, आप बोल भी नहीं सकते। अगर आप इस देश में आवाज उठाने की अनुमति नहीं देते हैं तो आप प्रभावी रूप से अराजकता के बीज बो रहे हैं। सरकार ही इतनी भारी संख्या में पुलिस और अर्धसैनिक बलों को तैनात करके यह स्थिति पैदा कर रही है।'

प्रदर्शन के दौरान दिल्ली पुलिस के कई जवानों के घायल होने की खबर है। घायल पुलिसकर्मियों में कांस्टेबल सुमन और कांस्टेबल धीरज यादव के नाम सामने आए हैं। हालांकि, पुलिसकर्मियों को किस तरह की चोटें आई हैं और उन्हें कहां इलाज के लिए भर्ती कराया गया है, इसकी विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है।

सीजेपी की लीगल अफेयर्स हेड रत्ना सिंह ने पुलिसकर्मियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के लिए दिल्ली की साकेत कोर्ट में अर्जी दाखिल की है। रत्ना सिंह का आरोप है कि पुलिस ने उन्हें सीईसी ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन में शामिल होने जाने से रोका और घर के बाहर ही रोककर रखा है। अर्जी साकेत कोर्ट के चीफ मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट अभिनव पांडेय की अदालत में दाखिल की गई है।
 
रत्ना सिंह ने याचिका में कहा, आज सुबह वह दो साथी वकीलों के साथ वकीलों के प्रदर्शन में शामिल होने के लिए सुप्रीम कोर्ट जा रही थीं। आरोप है कि उनके घर के बाहर दो गाड़ियों को इस तरह खड़ा किया गया कि वह आगे नहीं जा सकीं। पुलिसकर्मी गाड़ियों के दरवाजों के बाहर खड़े थे। रत्ना सिंह ने अदालत से घटना का वीडियो देखने की अपील की है। 
 
दिल्ली पुलिस ने कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके को उनकी दादी के निधन की सूचना दे दी है। दिल्ली पुलिस सूत्रों के अनुसार, अब यह उन पर निर्भर करता है कि वे हिरासत में रहकर विरोध प्रदर्शन जारी रखना चाहते हैं या अंतिम संस्कार के लिए वापस लौटना चाहते हैं।