लोकमाता अहिल्याबाई के अधूरे कार्य भाजपा करेगी पूर्ण: गोष्ठी में बोले देवेंद्र चौधरी

आगरा। महारानी अहिल्याबाई होलकर की त्रिशताब्दी जयंती पर भारतीय जनता पार्टी महानगर ने उत्तर विधानसभा क्षेत्र स्थित रमन वाटिका में एक भव्य जिला गोष्ठी का आयोजन किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि भाजपा के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष देवेंद्र चौधरी ने कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई होलकर के अधूरे सपनों को भाजपा सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूरा करने का संकल्प ले चुकी है।

May 22, 2025 - 21:56
 0
लोकमाता अहिल्याबाई के अधूरे कार्य भाजपा करेगी पूर्ण: गोष्ठी में बोले देवेंद्र चौधरी
रमन वाटिका में आयोजित गोष्ठी का शुभारंभ महारानी अहिल्याबाई होलकर के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर करते भाजपा के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष देवेंद्र चौधरी। साथ हैं विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता और राज्यमंत्री राकेश गर्ग।

-काशी से सोमनाथ तक धर्म और संस्कृति की पुनर्स्थापना करने वाली लोकमाता को भाजपा दे रही सम्मान

गोष्ठी का शुभारंभ अहिल्याबाई होलकर एवं अन्य महापुरुषों के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन से हुआ। कार्यक्रम में महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, राज्यमंत्री राकेश गर्ग, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल और डॉ. जीएस धर्मेश मंचासीन रहे।

सनातन संस्कृति की सच्ची संरक्षक थीं अहिल्याबाई

पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष देवेंद्र चौधरी ने कहा कि राजमाता अहिल्याबाई ने काशी विश्वनाथ, केदारनाथ, सोमनाथ से लेकर वर्तमान पाकिस्तान तक में मंदिरों का जीर्णोद्धार कर सनातन धर्म और भारतीय संस्कृति की गौरवशाली परंपरा को पुनर्स्थापित किया। उन्होंने कहा कि अहिल्याबाई ने नारी सशक्तिकरण, सामाजिक न्याय और लोक कल्याण में जो योगदान दिया, वह आज भी प्रेरणास्रोत है। भाजपा उसी विरासत को आगे बढ़ा रही है।

पूरे भारत में हो रहे हैं आयोजन

महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता ने कहा कि महारानी अहिल्याबाई द्वारा किए गए शिव मंदिरों के जीर्णोद्धार से लेकर लोकहितकारी कार्यों तक उनके योगदान को पूरे देश में सम्मान मिल रहा है। उन्होंने बताया कि पार्टी द्वारा स्कूल-कॉलेजों में प्रतियोगिताएं, खेलकूद और गोष्ठियों के जरिए समाज के सभी वर्गों तक उनका संदेश पहुंचाया जा रहा है।

इनकी रही उपस्थिति

कार्यक्रम में राज्यमंत्री राकेश गर्ग, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, विधायक जीएस धर्मेश, राजेंद्र तिवारी, रश्मि सिंह, सुधीर राठौर, मुनेंद्र जादौन, विक्रांत तिवारी, अरुण पराशर, ओमप्रकाश सागर, बबिता पाठक (संचालन) और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।

SP_Singh AURGURU Editor