जमीन के विवाद में भाई बना भाई का कातिल, आगरा में पारिवारिक झगड़े ने ली जान, आरोपी फरार
आगरा। रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक मामला आगरा के थाना एत्माउद्दौला क्षेत्र से सामने आया है। यहां जमीन के विवाद में एक भाई ने अपने ही छोटे भाई की पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना नुनिहाई लिंक रोड की है, जहां एक ही परिसर में दोनों भाइयों के परिवार सालों से रह रहे थे।
आगरा। रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक मामला आगरा के थाना एत्माउद्दौला क्षेत्र से सामने आया है। यहां जमीन के विवाद में एक भाई ने अपने ही छोटे भाई की पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना नुनिहाई लिंक रोड की है, जहां एक ही परिसर में दोनों भाइयों के परिवार सालों से रह रहे थे।
जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान रागेंद्र सिंह (45) पुत्र तेज सिंह के रूप में हुई है। परिजनों का कहना है कि परिवार में लंबे समय से जमीन का बंटवारा नहीं होने को लेकर तनाव चल रहा था। रागेंद्र सिंह की बेटी ने बताया कि शनिवार देर रात लगभग डेढ़ बजे उसके ताऊ साहब सिंह ने घर का दरवाजा खटखटाया। जब पिता ने दरवाजा खोला तो बाहर पहले से कई लोग मौजूद थे।
बेटी ने बताया कि “ताऊ और उनके साथ मौजूद लोगों ने पापा के पेट और छाती पर कई घूंसे मारे। पापा को बहुत तेज दर्द उठा और वे बेहोश होकर गिर गए।” परिवारजन उन्हें तत्काल पास के दो प्राइवेट अस्पतालों में ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार देने से मना कर दिया। इसके बाद उन्हें जिला अस्पताल की इमरजेंसी में ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही एत्माउद्दौला पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी साहब सिंह और उसका परिवार घर छोड़कर फरार है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों भाइयों के बीच जमीन के बंटवारे को लेकर कई बार विवाद और मारपीट हो चुकी थी, लेकिन इस बार मामला इतना बढ़ गया कि उसने एक जान ले ली। थाना प्रभारी ने बताया कि “मृतक के परिजनों की तहरीर पर नामजद रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।”