बरेली में बर्बरता: मां पूर्णागिरि के दर्शन कर लौट रही महिला की हत्या जेवर और नकदी की लूट, पति घायल

-आरके सिंह- बरेली। बरेली ज़िले में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि बुधवार देर रात मां पूर्णागिरि के दर्शन कर लौट रहे एक दंपति को हाईवे पर निशाना बनाया गया। वजीरगंज हाईवे पर बदमाशों ने दंपति को रोककर लूटपाट की और विरोध करने पर महिला की नृशंस हत्या कर दी। पति को मामूली चोटें आईं हैं। मृतका की पहचान बदायूं जनपद के गांव व्यूली निवासी 35 वर्षीय अमरावती के रूप में हुई है। इस हृदय विदारक वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई है।

Jul 31, 2025 - 13:13
Jul 31, 2025 - 13:15
 0
बरेली में बर्बरता: मां पूर्णागिरि के दर्शन कर लौट रही महिला की हत्या जेवर और नकदी की लूट, पति घायल
मृतका अमरावती।

हाईवे पर घात लगाकर बैठे थे हमलावर, तमंचा सटाकर रोकी बाइक

घटना बुधवार रात लगभग 12 बजे की है जब अमरावती अपने पति ओम शरण के साथ पूर्णागिरि मंदिर से दर्शन कर लौट रही थीं। वह आंवला होते हुए वजीरगंज मार्ग पर पहुंचे ही थे कि कंठरी मंदिर के पास अचानक 3-4 हथियारबंद बदमाशों ने उनकी बाइक रोक ली। तमंचा दिखाकर उन्हें नीचे उतरने को मजबूर किया और बाइक की चाबी निकाल ली।

जेवर मांगे, इनकार पर सिर व चेहरे पर ताबड़तोड़ वार

बदमाशों ने महिला से कुंडल और मंगलसूत्र उतारने को कहा। जब अमरावती ने इनकार किया तो एक बदमाश ने धारदार हथियार से उसके सिर और चेहरे पर कई वार किए, जिससे वह खून से लथपथ होकर गिर पड़ी। हमलावरों ने जेवर और नकदी छीन ली। पति ओम शरण के सिर पर तमंचा सटा कर धमकाया गया और मारपीट की गई।

घटना के बाद घायल पति ने पुलिस और साले को दी सूचना

घटना के बाद बदमाश फरार हो गए। ओम शरण ने तुरंत अपने साले और डायल 112 पर कॉल कर घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दंपति को एंबुलेंस से आंवला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने अमरावती को मृत घोषित कर दिया।

एसएसपी पहुंचे मौके पर, दो टीमें गठित, टेक्निकल सर्विलांस से तलाश

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य व पुलिस अधीक्षक साउथ अंशिका वर्मा मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की गहन जांच कराई। एसएसपी ने बताया कि घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य मिले हैं, जिससे प्रथम दृष्टया यह लूट के इरादे से की गई हत्या प्रतीत हो रही है। एफआईआर बीएनएस की धारा 309 और 103 के तहत दर्ज की गई है। दो विशेष टीमों का गठन किया गया है और तकनीकी सर्विलांस से जल्द ही अपराधियों की गिरफ्तारी की जाएगी।

मैंने कहा था रुक जाओ, लेकिन जीजा बोले- बच्चे अकेले हैं घर पर

मृतका के भाई ने बताया कि रात करीब 12:15 बजे जीजा ओम शरण का घबराया हुआ फोन आया। वह बार-बार कह रहे थे कि कुछ घटना हो गई है। जब वे मौके पर पहुंचे तो बहन सड़क किनारे खून से लथपथ पड़ी थी। उन्होंने कहा था कि रात ज़्यादा हो गई है, सुबह निकलना, लेकिन जीजा बोले कि बच्चे घर पर अकेले हैं, जाना ज़रूरी है।

मंदिर दर्शन से लौटते श्रद्धालुओं पर हमले से दहशत

इस घटना ने श्रद्धालुओं में डर का माहौल पैदा कर दिया है। अमरावती अपने पीछे एक बेटा और एक बेटी छोड़ गई है। ग्रामीण इलाकों में हाईवे पर लगातार हो रही आपराधिक घटनाएं प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर रही हैं।

SP_Singh AURGURU Editor