बसपा के एकमात्र विधायक उमाशंकर सिंह का निधन, कैंसर से थे पीड़ित

उत्तर प्रदेश स्थित बलिया के रसड़ा विधानसभा क्षेत्र से बहुजन समाज पार्टी के विधायक उमाशंकर सिंह का निधन हो गया। वह लंबे समय से कैंसर से पीड़ित थे।

Aug 5, 2026 - 22:40
 0
 बसपा के एकमात्र विधायक उमाशंकर सिंह का निधन, कैंसर से थे पीड़ित

नई दिल्ली। बहुजन समाज पार्टी के नेता और उत्तर प्रदेश स्थित बलिया के रसड़ा से विधायक उमाशंकर सिंह का 5 अगस्त 2026, बुधवार को देहांत हो गया। उनका निधन दिल्ली स्थित एक अस्पताल में हुआ। 

वर्ष 2022 में हुए चुनाव में उमाशंकर विधानसभा पहुंचे थे। उमाशंकर, इकलौते नेता थे जो बसपा के टिकट पर उस चुनाव में जीत सके थे। कैंसर से पीड़ित रहे उमाशंकर इलाज के लिए अमेरिका भी गए थे। 
उमाशंकर के निधन की सूचना मिलते ही यूपी के सियासी गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बसपा विधायक के निधन पर शोक व्यक्त किया है। 

कन्नौज सांसद ने लिखा कि बलिया की रसड़ा विधानसभा से बसपा के विधायक उमाशंकर सिंह का निधन, अत्यंत दुखद ! ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे. शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं. भावभीनी श्रद्धांजलि !

भारतीय जनता पार्टी के नेता और राज्यसभा सांसद नीरज शेखऱ ने सोशल मीडिया साइट इंस्टाग्राम पर लिखा कि रसड़ा विधानसभा क्षेत्र से लोकप्रिय विधायक उमाशंकर सिंह के असमय निधन का समाचार अत्यंत दुःखद एवं स्तब्ध करने वाला है। उन्होंने अपने सार्वजनिक जीवन में जनसेवा और क्षेत्र के विकास के लिए जो योगदान दिया, उसे सदैव सम्मान के साथ स्मरण किया जाएगा। उनका निधन सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोकाकुल परिजनों, समर्थकों और शुभचिंतकों को इस असीम दुःख को सहन करने की शक्ति दें। ॐ शांति। विनम्र श्रद्धांजलि।