चामुण्डा देवी मंदिर में 56 भोग और देवी जागरण से उमड़े श्रद्धालु, मेले में देर रात तक झूमे भक्त

आगरा। राजामण्डी स्टेशन स्थित प्राचीन मां चामुण्डा देवी मंदिर में आयोजित वार्षिक मेले ने इस बार भक्ति, आस्था और उल्लास का ऐसा संगम प्रस्तुत किया, जिसमें पूरा वातावरण “जय माता दी” के गगनभेदी जयकारों से गूंज उठा। मंदिर परिसर रंग-बिरंगी रोशनी और सतरंगी पुष्पों से सजा हुआ था, जहां दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालुओं की भारी भीड़ दर्शन के लिए उमड़ पड़ी। सुबह 56 भोग और शाम को भव्य देवी जागरण के साथ आयोजन ने आध्यात्मिक ऊर्जा का अद्भुत दृश्य प्रस्तुत किया।

Apr 2, 2026 - 21:54
 0
चामुण्डा देवी मंदिर में 56 भोग और देवी जागरण से उमड़े श्रद्धालु, मेले में देर रात तक झूमे भक्त
चामुंडा देवी मंदिर में गुरुवार को आयोजित देवी जागरण में माता की आराधना करते भक्तजन।

56 भोग और फूल बंगला ने बढ़ाई भव्यता

प्राचीन मां चामुण्डा देवी प्रबंध एवं सेवा समिति द्वारा आयोजित इस मेले में प्रातःकाल मातारानी का विशेष श्रृंगार कर 56 भोग अर्पित किया गया। साथ ही फूल बंगला सजाकर मंदिर को दिव्य स्वरूप प्रदान किया गया। श्रद्धालु हाथों में पूजा की थाली लिए मां के दर्शन को आतुर नजर आए और भक्ति भाव से पूजन-अर्चन कर आरती उतारी।

दूर-दराज से पहुंचे भक्त, हर चेहरे पर आस्था

मंदिर में दिनभर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। कई भक्त अपने परिवारों के साथ पहुंचे तो कई श्रद्धालु मोबाइल के माध्यम से अपने परिजनों को लाइव दर्शन कराते नजर आए। मंदिर परिसर में माता की भेंटों और घंटों की पवित्र ध्वनि ने माहौल को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया।

देवी जागरण में झूमे श्रद्धालु, देर रात तक चला उत्सव

शाम होते ही देवी जागरण का आयोजन शुरू हुआ, जिसमें माता की भेंटों पर श्रद्धालु भक्ति में सराबोर होकर झूमते नजर आए। देर रात तक चले इस जागरण में भक्तों ने भजनों का आनंद लिया और नृत्य कर अपनी आस्था प्रकट की।

3 अप्रैल को भण्डारे का होगा आयोजन

मंदिर के महन्त ब्रह्मचारी वीरेन्द्र ने बताया कि 3 अप्रैल को दोपहर 12 बजे से देर रात तक विशाल भण्डारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं के प्रसाद ग्रहण करने की व्यवस्था की गई है।

इनकी रही विशेष उपस्थिति

इस भव्य आयोजन में मुख्य अतिथि संघ के प्रांत प्रचारक धर्मेंद्र, विश्व हिंदू परिषद के प्रांत संगठन मंत्री राजेश, विशिष्ट अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत पौनिया और विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, वरिष्ठ भाजपा नेता श्याम भदौरिया, कार्यक्रम अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह भगैर, कमल अग्रवाल, राहुल राज, राकेश वर्मा, नीरज जैन, अजय बंसल, लाला पापड़ वाला, चिराग, दीपक जैन, विनोद सोलंकी, मामू, विष्णु चौधरी, भानु शर्मा, कृष्ण मित्तल, विश्व राकेश त्यागी, पिंटू वर्मा, हेमा भगोर, नीतू सिंह, श्रीमती प्रीति अग्रवाल, निशा अग्रवाल, धर्मेंद्र अग्रवाल, नीतीश अग्रवाल, निशू यादव, गुन्ना यादव, रवि सिसोदिया सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor