ताज नगरी में सजेगा शादियों का सबसे बड़ा बाजार, 21-22 सितंबर को इंडियन वेडिंग इंडस्ट्रीज कॉन्क्लेव एंड एक्सपो

ताज नगरी आगरा में 21 और 22 सितंबर को द्वितीय इंडियन वेडिंग इंडस्ट्रीज कॉन्क्लेव एंड एक्सपो-2026 आयोजित होगा। यूपी वेडिंग इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के इस आयोजन में देशभर से 2000 से अधिक प्रतिनिधियों के पहुंचने की उम्मीद है। 50 से अधिक विशेषज्ञ वेडिंग बिजनेस, टूरिज्म, हॉस्पिटैलिटी, डिजिटल टेक्नोलॉजी और डेस्टिनेशन वेडिंग समेत विभिन्न विषयों पर मंथन करेंगे। एक्सपो में 50 से अधिक स्टॉल लगाए जाएंगे। आयोजकों का लक्ष्य आगरा की डेस्टिनेशन वेडिंग की संभावनाओं को बढ़ावा देकर स्थानीय कारोबार और पर्यटन को नई व्यावसायिक दिशा देना है।

Sep 19, 2026 - 20:07
 0
ताज नगरी में सजेगा शादियों का सबसे बड़ा बाजार, 21-22 सितंबर को इंडियन वेडिंग इंडस्ट्रीज कॉन्क्लेव एंड एक्सपो
वेडिंग इंडस्ट्रीज एसोसिएशन कार्यालय पर कार्यक्रम की तैयारी को लेकर विशेष चर्चा और अंतिम रूप देते हुए पदाधिकारी मौजूदा मनीष अग्रवाल अध्यक्ष महासचिव संदीप उपाध्याय।

देशभर से जुटेंगे 2000 से अधिक वेडिंग इंडस्ट्री प्रतिनिधि, 50 से अधिक विशेषज्ञ करेंगे मंथन और 50 से ज्यादा स्टॉल पर दिखेगी शादी की पूरी दुनिया

आगरा। ताज नगरी आगरा एक बार फिर देश के वेडिंग कारोबार के बड़े केंद्र के रूप में अपनी संभावनाओं को दुनिया के सामने रखने जा रही है। यूपी वेडिंग इंडस्ट्रीज एसोसिएशन की ओर से द्वितीय इंडियन वेडिंग इंडस्ट्रीज कॉन्क्लेव एंड एक्सपो-2026 का आयोजन 21 और 22 सितंबर को होटल ताज कन्वेंशन, आगरा में किया जाएगा। दो दिवसीय आयोजन प्रतिदिन सुबह 11 बजे से शाम पांच बजे तक चलेगा। आयोजन को लेकर एसोसिएशन के सूर्य नगर स्थित कार्यालय में महत्वपूर्ण बैठक हुई। इसमें कॉन्क्लेव की तैयारियों, अतिथियों के स्वागत, एक्सपो की व्यवस्थाओं, स्टॉल, सत्रों और अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। बैठक में आयोजन से जुड़ी जिम्मेदारियों को अंतिम रूप देते हुए सभी पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

2000 से अधिक प्रतिनिधियों के जुटने की उम्मीद

एसोसिएशन के अध्यक्ष मनीष अग्रवाल रावी ने बताया कि दो दिवसीय महा-कॉन्क्लेव में देशभर से वेडिंग इंडस्ट्री से जुड़े 2000 से अधिक प्रतिनिधियों के पहुंचने की उम्मीद है। आयोजन का उद्देश्य विवाह उद्योग से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों के उद्यमियों, विशेषज्ञों और सेवा प्रदाताओं को एक साझा मंच उपलब्ध कराना है, ताकि बदलते बाजार, नई तकनीक, ग्राहकों की बदलती पसंद और कारोबार के विस्तार की संभावनाओं पर चर्चा हो सके। उन्होंने कहा कि शादी अब केवल एक पारिवारिक आयोजन नहीं रह गई है, बल्कि इससे पर्यटन, होटल, कैटरिंग, फैशन, सजावट, मनोरंजन, ट्रांसपोर्ट, फोटोग्राफी, डिजिटल मीडिया और अन्य अनेक क्षेत्रों को रोजगार और कारोबार के अवसर मिलते हैं। ऐसे में वेडिंग इंडस्ट्री को एक संगठित मंच पर लाने की दिशा में यह आयोजन महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

50 से अधिक विशेषज्ञ साझा करेंगे अनुभव

कॉन्क्लेव में वेडिंग इंडस्ट्री से जुड़े 50 से अधिक विशेषज्ञ अपने अनुभव और विशेषज्ञता साझा करेंगे। अलग-अलग सत्रों में टूरिज्म, हॉस्पिटैलिटी, डेस्टिनेशन वेडिंग, डिजिटल टेक्नोलॉजी, सोशल मीडिया, एंटरटेनमेंट, कैटरिंग और डेकोरेशन जैसे विषयों पर चर्चा होगी। वक्ताओं की ओर से वेडिंग कारोबार में आ रहे बदलाव, नई तकनीकों के इस्तेमाल, सोशल मीडिया की बढ़ती भूमिका और डेस्टिनेशन वेडिंग के विस्तार जैसे विषयों पर विचार साझा किए जाएंगे। इसके साथ ही कारोबारियों के लिए नई साझेदारियों और व्यावसायिक संभावनाओं पर भी संवाद होगा।

50 से अधिक स्टॉल पर दिखेगी ‘वेडिंग की पूरी दुनिया’

कॉन्क्लेव के साथ आयोजित एक्सपो में विवाह आयोजन से जुड़ी विभिन्न सेवाओं और उत्पादों को एक ही छत के नीचे प्रदर्शित किया जाएगा। यहां 50 से अधिक स्टॉल लगाए जाएंगे। इनमें फैशन, डेकोरेशन, एंटरटेनमेंट, खानपान, हॉस्पिटैलिटी और अन्य वेडिंग सर्विसेज से जुड़े प्रतिष्ठान शामिल होंगे। आगरा और आसपास के जिलों के परिवारों के लिए भी एक्सपो उपयोगी साबित हो सकता है। विवाह की तैयारियों से जुड़ी विभिन्न सेवाओं और विकल्पों को एक ही स्थान पर देखने और संबंधित कारोबारियों से सीधे संपर्क करने का अवसर मिलेगा।

आगरा को डेस्टिनेशन वेडिंग हब बनाने पर जोर

एसोसिएशन के महासचिव संदीप उपाध्याय ने कहा कि कॉन्क्लेव का एक प्रमुख उद्देश्य आगरा की डेस्टिनेशन वेडिंग की संभावनाओं को देश-दुनिया के सामने रखना है। ताजमहल और आगरा की समृद्ध पर्यटन विरासत के कारण शहर में देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों के साथ विवाह आयोजनों के लिए भी व्यापक संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि डेस्टिनेशन वेडिंग से होटल, रेस्टोरेंट, इवेंट मैनेजमेंट, ट्रांसपोर्ट, कैटरिंग, डेकोरेशन, फैशन और मनोरंजन सहित कई स्थानीय कारोबारों को लाभ मिल सकता है। कॉन्क्लेव के माध्यम से इन संभावनाओं को व्यावसायिक अवसरों में बदलने और स्थानीय वेडिंग कारोबार को नई ऊंचाई देने पर मंथन किया जाएगा।

पहले दिन बिजनेस और डिजिटल बदलाव पर फोकस

संदीप उपाध्याय के मुताबिक, कॉन्क्लेव के पहले दिन वेडिंग बिजनेस, टूरिज्म, हॉस्पिटैलिटी, एंटरटेनमेंट और डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन प्रमुख विषय रहेंगे। विशेषज्ञ बताएंगे कि तकनीक और डिजिटल प्लेटफॉर्म के बढ़ते प्रभाव के बीच वेडिंग कारोबार किस तरह नए बाजार और ग्राहकों तक पहुंच बना रहा है। वहीं दूसरे दिन उत्तर प्रदेश और भारतीय पर्यटन नीति के प्रभाव तथा वेडिंग पॉलिसी में इवेंट सेक्टर की भूमिका पर विशेष मंथन किया जाएगा। इसमें नीति और उद्योग के बीच बेहतर समन्वय, डेस्टिनेशन वेडिंग को बढ़ावा देने तथा इससे जुड़े कारोबार के विस्तार की संभावनाओं पर चर्चा होगी। आयोजकों के मुताबिक, कॉन्क्लेव को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं और आयोजन से जुड़ी विभिन्न जिम्मेदारियां पदाधिकारियों को सौंप दी गई हैं। आगरा में होने वाले इस आयोजन के जरिए शहर की पहचान को केवल ताजमहल और पर्यटन तक सीमित रखने के बजाय उसे देश के प्रमुख वेडिंग बिजनेस डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित करने की संभावनाओं पर भी जोर दिया जाएगा।