आगरा में ठंड का रेड अलर्ट, घना कोहरा, शून्य विजिबिलिटी और बढ़ती ठंड ने जनजीवन किया बेहाल

आगरा। उत्तर प्रदेश में इस समय भयंकर ठंड और घने कोहरे ने कहर बरपा रखा है। ताजनगरी आगरा समेत प्रदेश के कई जिलों में मौसम ने बेहद सख्त रुख अपनाया हुआ है। मौसम विभाग ने आगरा सहित कई जिलों को चेतावनी जारी की है कि आने वाले दिनों में ठंड और ज्यादा बढ़ेगी, वहीं कोहरे के कारण हालात और गंभीर हो सकते हैं।

Dec 20, 2025 - 22:55
 0
आगरा में ठंड का रेड अलर्ट, घना कोहरा, शून्य विजिबिलिटी और बढ़ती ठंड ने जनजीवन किया बेहाल
कोहरे में थमी रफ्तार।

पूरा यूपी शीतलहर की गिरफ्त में, ठंड और बढ़ने की संभावना 

आगरा। उत्तर प्रदेश में इस समय भयंकर ठंड और घने कोहरे ने कहर बरपा रखा है। ताजनगरी आगरा समेत प्रदेश के कई जिलों में मौसम ने बेहद सख्त रुख अपनाया हुआ है। मौसम विभाग ने आगरा सहित कई जिलों को चेतावनी जारी की है कि आने वाले दिनों में ठंड और ज्यादा बढ़ेगी, वहीं कोहरे के कारण हालात और गंभीर हो सकते हैं।

आगरा में सुबह और देर रात घना कोहरा छाया हुआ है, जिससे कई इलाकों में विजिबिलिटी लगभग शून्य तक पहुंच रही है। यमुना एक्सप्रेसवे, आगरा–लखनऊ एक्सप्रेसवे और राष्ट्रीय राजमार्गों पर वाहनों की रफ्तार थम सी गई है। ठंड के कारण आमजन के साथ-साथ स्कूली बच्चे और बुजुर्ग सबसे ज्यादा प्रभावित हैं। मौसम विभाग ने आगरा में ठंड और कोहरे को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और अत्यधिक सतर्कता बरतने की अपील की है।

21 जिलों में रेड अलर्ट, आगरा मंडल पर खास नजर

प्रदेश में कुल 21 जिलों में जबरदस्त ठंड और घने कोहरे की चेतावनी दी गई है। इनमें आगरा मंडल के जिले विशेष रूप से प्रभावित बताए गए हैं। इसमें आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी के साथ ही इटावा, औरैया जिलों में शीतलहर के साथ तापमान सामान्य से काफी नीचे बना हुआ है।

इन जिलों में भी रेड अलर्ट जारी

मौसम विभाग के अनुसार बरेली, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, आजमगढ़, बहराइच, श्रावस्ती, कानपुर देहात, फतेहपुर, कौशांबी, प्रयागराज, गोरखपुर, देवरिया, मऊ, बलिया जिलों में भी स्थिति बेहद गंभीर बनी हुई है। इन सभी जिलों में घना कोहरा और शीतलहर जनजीवन को प्रभावित कर रहा है।

स्कूल, यातायात और स्वास्थ्य पर असर

आगरा समेत कई जिलों में ठंड के चलते स्कूलों के समय में बदलाव और अवकाश जैसे फैसले लिए जा रहे हैं। वहीं कोहरे के कारण रेल और सड़क यातायात प्रभावित हुआ है। अस्पतालों में सर्दी, खांसी, बुखार और सांस की समस्या से जुड़े मरीजों की संख्या बढ़ रही है।

प्रशासन की अपील

प्रशासन ने विशेष तौर पर आगरा के लोगों से अपील की है कि कोहरे में वाहन चलाते समय फॉग लाइट और धीमी गति का प्रयोग करें। खुले में देर तक न रहें और बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें।