भाई दूज के दिन कंपाउंडर की पिटाई के बाद मौत
आगरा। रविवार को भाई दूज के दिन शाहगंज में एक कंपाउंडर की बेरहमी से पिटाई की गई। वह नरीपुरा में बेहोशी की अवस्था में मिला। राहगीर उठाकर अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना थाना शाहगंज के नरीपुरा इलाके की है। जहां कंपाउंडर करन (40) पुत्र चंद्रभान को दो युवकों ने इतनी बेरहमी से पीटा कि उसे गंभीर हालत में नाले में फेंक दिया। वहां से गुजरने वालों की उस पर निगाह पड़ी तो उन्होंने घायल युवक को उपचार के लिए पास के हॉस्पिटल में भर्ती करा दिया। इलाज के दौरान सोमवार को उसने दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
प्रत्यक्षदर्शी पवन ने बताया कि उसे सूचना मिली थी कि करन को कुछ लड़के पीट रहे हैं। सूचना पर वह घटनास्थल की ओर भागा। उन्होंने देखा कि दो युवक करन की गर्दन पर पैर रखे हुए थे और उसे नाले में धकेल रहे थे। पवन और उसके साथियों ने तुरंत हस्तक्षेप किया और करन को नाले से बाहर निकाला और अस्पताल में भर्ती कराया।
इंस्पेक्टर शाहगंज ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दोषियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच टीम गठित की है। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ शुरू कर दी है।