धर्मांतरण गिरोह का सरगना अब्दुल रहमान 10 दिन की रिमांड पर, अब पुलिस करेगी गहराई से पूछताछ
आगरा। धर्मांतरण गिरोह के सरगना अब्दुल रहमान को आगरा की सीजेएम कोर्ट ने 10 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। रहमान उसी गैंग का सरगना है जिसने आगरा की दो बहनों का जबरन धर्मांतरण कराकर उन्हें मुस्लिम बनाने की साजिश को अंजाम दिया था।
आगरा पुलिस ने अब्दुल रहमान को कल दिल्ली से गिरफ्तार किया था और आज उसे कोर्ट में पेश कर पूछताछ हेतु 10 दिन की कस्टडी की मांग की। कोर्ट ने पुलिस की अपील को स्वीकारते हुए रहमान को पुलिस रिमांड पर भेज दिया।
पहले था हिंदू, बन गया धर्मांतरण का सरगना
पुलिस जांच में सामने आया है कि अब्दुल रहमान मूल रूप से फिरोजाबाद जिले के रामगढ़ (रजावली) गांव का निवासी है। वह जन्म से हिंदू था और उसका असली नाम महेंद्र था। लेकिन धर्म परिवर्तन के बाद उसने अब्दुल रहमान नाम धारण कर लिया और फिर धर्मांतरण के नेटवर्क का सक्रिय हिस्सा बन गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, अब्दुल रहमान कई साल से धर्मांतरण का नेटवर्क संचालित कर रहा था। वह न केवल लड़कियों को निशाना बना रहा था, बल्कि अन्य युवाओं को भी फंसाकर उनका मतांतरण कराने में जुटा था।
पहले ही 10 लोग गिरफ्तार
इस केस में अब तक आगरा पुलिस 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर रिमांड पर लेकर पूछताछ कर चुकी है। अब्दुल रहमान की गिरफ्तारी के बाद इस पूरे नेटवर्क की परतें और खुलने की संभावना है।
यह मामला सामने आने के बाद पंजाबी समाज सहित कई संगठनों ने खुलकर विरोध दर्ज कराया है और प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है ताकि ऐसे नेटवर्क भविष्य में दोबारा सक्रिय न हो सकें।