फतेहपुर सीकरी में पकड़ा गया शातिर चोर, लाखों के जेवर और 1.14 लाख नकदी बरामद
किरावली (आगरा)। थाना फतेहपुर सीकरी पुलिस ने भरतपुर मार्ग स्थित तेरहमोरी बांध के पास चैकिंग के दौरान एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और अवैध तमंचा बरामद हुआ है। पुलिस के अनुसार पकड़ा गया अभियुक्त अपने दो बेटों के साथ मिलकर क्षेत्र में लगातार चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहा था।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान रमेश पुत्र गिरधारी निवासी गांव अमरु, थाना सदर पलवल (हरियाणा) के रूप में हुई है। वह अपने दो बेटों सत्यवीर और मनोज के साथ मिलकर किरावली तहसील के कस्बों और गांवों में रैकी कर वारदात करता था।
पुलिस ने तलाशी में अभियुक्त के कब्जे से सोने की चैन, चूड़ी, मांग टीका, मंगलसूत्र, गले का हार, कान के टॉप्स, सूई-धागा सहित बड़ी मात्रा में चांदी के आभूषण और 1,14,420 रुपये नकद बरामद किए हैं। इसके अलावा एक तमंचा भी मिला है।
पुलिस के मुताबिक रमेश ने पूछताछ में कई घटनाओं को कबूल किया है। उसने बताया कि चोरी के सामान को राह चलते लोगों को सस्ते दामों में बेच देते थे। फिलहाल आरोपी को जेल भेज दिया गया है और उसके दोनों फरार बेटों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।