बंद डिब्बे में नवजात का शव, लखनऊ एयरपोर्ट पर सिहर उठे सभी
लखनऊ। लखनऊ एयरपोर्ट के कार्गों में आज उस समय सनसनी फैल गई जब पार्सल कराने लाए गए एक डिब्बे में से एक नवजात शिशु का शव मिला। कोरियर एजेंट को सीआईएसएफ के हवाले कर दिया गया है, जहां उससे पूछताछ की जा रही है।
-कोरियर कंपनी ने कुछ अन्य सामान के साथ यह डिब्बा भी पार्सल के लिए भेजा था
-कोरियर एजेंट को पकड़कर सीआईएसएफ के हवाले किया गया, उससे की जा रही पूछताछ
लखनऊ एयरपोर्ट के कार्गो में एक कोरियर कंपनी की ओर से कुछ सामान पार्सल के लिए भेजा गया था। सामान के साथ एक डिब्बा भी था। कार्गो पर जब इस कोरियर कंपनी के सामान की स्कैनिंग की जा रही थी तो स्कैन करने वाले कर्मचारियों को डिब्बे के अंदर एक नवजात का शिशु नजर आया। इस पर इस डिब्बे को सामान से अलग करने के बाद खोला गया तो उसमें से नवजात का शव बरामद हुआ। इससे कार्गो एरिया में सनसनी फैल गई।
इसके बाद कार्गो के कर्मचारियों ने सामान पार्सल कराने आए कोरियर एजेंट को पकड़ लिया और सीआईएसएफ के हवाले कर दिया। सीआईएसएफ के अधिकारी कोरियर एजेंट से पूछताछ कर रहे हैं।