आगरा में होगी दीप्ति शर्मा की शाही होमकमिंग, बैनरों से सजी सड़कें, मां की आरती से होगा स्वागत

आगरा । भारतीय महिला क्रिकेट टीम की विश्व कप विजेता दीप्ति शर्मा के आगमन को लेकर ताज नगरी आगरा में जश्न का माहौल है। शहर की सड़कों से लेकर उनके घर तक हर जगह दीप्ति के सम्मान की तैयारियां जोरों पर हैं। कैलाशपुरी मोड स्थित भावना क्लार्क से लेकर दीप्ति शर्मा की एकेडमी स्टार नेक्स्ट क्रिकेट ग्राउंड तक की सड़क को दीप्ति के बैनर और पोस्टर से सजा दिया गया है। मोहल्ले के बच्चे, युवा और महिलाएं सभी उनकी जीत का स्वागत करने के लिए उत्साहित हैं। वह आज रात में ही अपने घर पहुंच रही हैं।

Nov 12, 2025 - 22:57
 0
आगरा में होगी दीप्ति शर्मा की शाही होमकमिंग, बैनरों से सजी सड़कें, मां की आरती से होगा स्वागत
क्रिकेटर दीप्ति शर्मा

आगरा । भारतीय महिला क्रिकेट टीम की विश्व कप विजेता दीप्ति शर्मा के आगमन को लेकर ताज नगरी आगरा में जश्न का माहौल है। शहर की सड़कों से लेकर उनके घर तक हर जगह दीप्ति के सम्मान की तैयारियां जोरों पर हैं। कैलाशपुरी मोड स्थित भावना क्लार्क  से लेकर दीप्ति शर्मा की एकेडमी स्टार नेक्स्ट क्रिकेट ग्राउंड तक की सड़क को दीप्ति के बैनर और पोस्टर से सजा दिया गया है। मोहल्ले के बच्चे, युवा और महिलाएं सभी उनकी जीत का स्वागत करने के लिए उत्साहित हैं। वह आज रात में ही अपने घर पहुंच रही हैं। 

घर में रंगाई-पुताई का काम पूरा हो चुका है और एकेडमी में मरम्मत व सजावट का कार्य तेज़ी से चल रहा है। हर कोना “दीप्ति की जीत” की कहानी कह रहा है। दीप्ति की मां सुशीला शर्मा ने बेटी के स्वागत के लिए आरती की थाल सजा कर रखी है। उन्होंने बताया कि जैसे ही दीप्ति घर पहुंचेगी, सबसे पहले वे दरवाज़े पर आरती उतारेंगी और बेटी को तिलक लगाकर आशीर्वाद देंगी।

परिवार के सदस्यों ने बताया कि दीप्ति बुधवार की रात करीब 11 बजे आगरा पहुंचेगी। उनकी वापसी को लेकर घर में उत्सव का माहौल है। दीप्ति की पसंदीदा डिश कड़ाही पनीर, शाही पनीर, मटर पनीर, पनीर दो प्याज़ा, पनीर भुर्जी और पनीर टिक्का घर में विशेष रूप से तैयार की जा रही हैं। लंबे समय बाद पूरा परिवार साथ बैठकर भोजन करेगा।

शहर में दीप्ति के स्वागत के लिए कल रोड शो का भी आयोजन किया गया है। यह यात्रा भावना क्लार्क होटल  से शुरू होकर करकुंज रोड, कारगिल चौराहा, बोदला चौराहा, मारुति स्टेट, कला कुंज, अलबतिया कलवारी चौराहा और अवधपुरी चौराहा से होते हुए उनकी एकेडमी स्टार नेक्स्ट क्रिकेट ग्राउंड तक जाएगी। रोड शो के दौरान दीप्ति के सम्मान में पुष्पवर्षा, नारेबाजी और ढोल-नगाड़ों की गूंज के साथ उनका भव्य स्वागत किया जाएगा। हजारों की भीड़ उनकी एक झलक पाने को उत्सुक है।

दीप्ति शर्मा की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर आगरा गर्व महसूस कर रहा है। उनकी सफलता ने न केवल शहर बल्कि पूरे देश का नाम रोशन किया है। लोग उन्हें “ताज की बेटी, भारत की शान” कहकर संबोधित कर रहे हैं।