दिल्ली चुनावः अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसौदिया,सत्येंद्र जैन हारे, आतिशी जीती
नई दिल्ली। दिल्ली के विधान सभा चुनाव में आम आदमी पार्टी को बहुत बड़े झटके लगे हैं। आप के संयोजक और पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल और पार्टी में नंबर दो की हैसियत रखने वाले पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसौदिया चुनाव हार गए हैं। नई दिल्ली सीट पर अरविंद केजरीवाल को भाजपा प्रत्याशी प्रवेश वर्मा और जंगपुरा सीट पर भाजपा प्रत्याशी तरविंदर सिंह मारवाह ने मनीष सिसौदिया को हराया है। सत्येंद्र जैन और दुर्गेश पाठक भी चुनाव हार गए हैं। मुख्यमंत्री आतिशी चुनाव जीत गई हैं।

दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी चुनाव जीत गई हैं। यहां भाजपा प्रत्याशी रमेश विधूड़ी शुरुआत से ही बढ़त बनाए हुए थे, लेकिन अंतिम दौर में आकर पिछड़ गए।
नई दिल्ली सीट पर अरविंद केजरीवाल की हार तीन हजार से ज्यादा वोटों से हुई है। जंगपुरा सीट पर मनीष सिसौदिया को तरविंदर सिंह मारवाह ने 600 वोटों के अंतर से हरा दिया। आम आदमी पार्टी के दूसरे बड़े नेता दुर्गेश पाठक भी चुनाव हार गए हैं।
मनीष सिसौदिया ने अपनी पटपड़गंज सीट को छोड़कर इस बार जंगपुरा से चुनाव लड़ा था। सीट बदलना भी काम नहीं आया और जंगपुरा की जनता ने उन्हें नकार दिया।
मनीष सिसौदिया की हार आम आदमी पार्टी के लिए तगड़ा झटका है क्योंकि इन्हीं मनीष सिसौदिया को देश का सर्वश्रेष्ठ शिक्षा मंत्री बताकर आप संयोजक अरविंद केजरीवाल दिल्ली के शिक्षा मॊडल का बखान करते थे। शिक्षा मंत्री के साथ आबकारी मंत्री रहे मनीष सिसौदिया दिल्ली के बहुचर्चित शराब घोटाले में लगभग सवा साल जेल में रहे और आजकल जमानत पर बाहर हैं।