आगरा में 10 जनवरी को दिगम्बर जैन महासमिति की वृहद सभा, राष्ट्रीय पदाधिकारी करेंगे मंथन

आगरा। दिगम्बर जैन समाज की सर्वोच्च वैचारिक एवं संगठनात्मक इकाई मानी जाने वाली श्री दिगम्बर जैन महासमिति की एक वृहद सभा आगामी 10 जनवरी को आगरा में आयोजित की जा रही है। यह सभा एम.डी. जैन इंटर कॉलेज, हरीपर्वत की फील्ड पर निर्मित नवीन सभागार में दोपहर 1:30 बजे से प्रारंभ होगी। सभा में देशभर से जैन समाज के राष्ट्रीय पदाधिकारी, वरिष्ठजन एवं प्रतिनिधि सहभागिता करेंगे।

Jan 5, 2026 - 19:20
 0
आगरा में 10 जनवरी को दिगम्बर जैन महासमिति की वृहद सभा, राष्ट्रीय पदाधिकारी करेंगे मंथन
आगरा में होने जा रही श्री दिगम्बर जैन महासमिति की सभा की तैयारियों के लिए हुई बैठक में मौजूद जैन समाज के गणमान्य लोग।

सभा की अध्यक्षता दिगम्बर जैन महासमिति के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष विपिन जैन (मेरठ) करेंगे। इस अवसर पर समाज से जुड़े अत्यंत महत्वपूर्ण विषयों—संगठन की वर्तमान आवश्यकता, आगामी जनगणना में जैन समाज की सशक्त भागीदारी तथा साधु-साध्वियों की सुरक्षा पर गंभीर और निर्णायक विमर्श किया जाएगा।

इस महत्वपूर्ण आयोजन को सफल बनाने के उद्देश्य से 4 जनवरी को नारायण भवन, श्री शांतिनाथ दिगम्बर जैन मंदिर, हरीपर्वत परिसर में एक पूर्व बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता दिगम्बर जैन महासमिति के संभागीय अध्यक्ष एडवोकेट अशोक जैन (पूर्व उपनगर प्रमुख) ने की। बैठक में आयोजन की विस्तृत कार्ययोजना, अतिथियों का स्वागत, मंच व्यवस्था एवं समाज की व्यापक सहभागिता को लेकर रूपरेखा तैयार की गई।

एडवोकेट अशोक जैन ने जानकारी दी कि इस अवसर पर दिगम्बर जैन महासमिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक बड़जात्या को भी विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है, जिनका आगमन समाज के लिए प्रेरणादायक होगा।

इस आयोजन को और भी ऐतिहासिक बनाते हुए आगरा निवासी जितेन्द्र जैन को दिगम्बर जैन महासमिति का राष्ट्रीय मंत्री मनोनीत किया गया है। इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर सभा के दौरान समाज द्वारा उनका भव्य अभिनंदन किया जाएगा, जिसे लेकर जैन समाज में विशेष उत्साह है।

इस सभा में सांसद नवीन जैन, आगरा नगर के समस्त श्रेष्ठिजन, आगरा दिगम्बर जैन परिषद, श्री दिगम्बर जैन शिक्षा समिति, नगर की सभी शैली संस्थाओं के पदाधिकारी, युवामंडल एवं महिला मंडलों को आमंत्रित किया जा रहा है। समाज से इस आयोजन को सफल बनाने हेतु सामूहिक सहभागिता की भावपूर्ण अपील की गई है।

बैठक में जितेन्द्र जैन, जगदीश प्रसाद जैन, मनीष जैन ठेकेदार, राकेश जैन पर्देवाले, विमल जैन, कुमार मंगलम जैन (समाजसेवी), मंच संचालक मनोज जैन बांकलीवाल, पारसबाबू जैन, अनन्त जैन, महिला संभाग अध्यक्ष श्रीमती रेखा जैन, सपना जैन, कंचन जैन, नीलम जैन, सरिता जैन सहित महिला एवं पुरुष पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Top of Form

Bottom of Form

SP_Singh AURGURU Editor