सैकड़ों साल पुराने श्मशान घाट पर छिड़ा विवाद, सांसद राजकुमार चाहर ने दोनों पक्षों में कराया समझौता

फतेहपुर सीकरी में लंबे समय से इस्तेमाल किए जा रहे श्मशान घाट को लेकर स्थानीय लोगों और विद्यालय प्रबंधन समिति के बीच विवाद हो गया। बारिश से बचाव के लिए श्मशान घाट पर टीन शेड डालने की तैयारी का विद्यालय प्रबंधन ने विरोध किया, जिसके बाद स्थानीय लोग धरने पर बैठ गए। सूचना पर सांसद राजकुमार चाहर मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को डाक बंगले पर बुलाकर वार्ता कराई। प्रशासनिक अधिकारियों और ब्लॉक प्रमुख की मौजूदगी में दोनों पक्षों की सहमति से वर्षा काल के लिए श्मशान घाट पर टीन शेड डलवाने पर सहमति बनी।

Sep 19, 2026 - 20:23
 0
सैकड़ों साल पुराने श्मशान घाट पर छिड़ा विवाद, सांसद राजकुमार चाहर ने दोनों पक्षों में कराया समझौता
धरना दे रहे लोगों को समझाते सांसद राजकुमार चाहर।

स्कूल प्रबंधन की आपत्ति के बाद बढ़ा विवाद, धरने के बीच बारिश से बचाव के लिए श्मशान घाट पर टीन शेड डालने पर बनी सहमति

आगरा/फतेहपुर सीकरी। नगर पालिका परिषद फतेहपुर सीकरी के वार्ड सीकरी-दो, लाल दरवाजा और आगरा गेट के आसपास की आबादी के लोगों के लिए लंबे समय से इस्तेमाल किए जा रहे श्मशान घाट को लेकर शनिवार को विवाद खड़ा हो गया। ग्राम पंचायत मंडी गुड़ के गाटा संख्या ‘पहाड़ी की पार’ स्थित स्थल पर स्थानीय लोग कई दशकों से अंत्येष्टि करते आ रहे हैं। बारिश के मौसम में अंत्येष्टि के दौरान होने वाली परेशानी को देखते हुए स्थानीय लोग यहां टीन शेड डलवाने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन विद्यालय प्रबंधन समिति की आपत्ति के बाद मामला धरने तक पहुंच गया।

बताया गया कि श्मशान घाट के समीप ही एक विद्यालय संचालित है। विद्यालय प्रबंधन समिति की ओर से श्मशान घाट में शवों के अंतिम संस्कार को लेकर आपत्ति जताई जा रही थी। समिति की ओर से राजस्व अभिलेखों में श्मशान घाट के रूप में स्थल दर्ज नहीं होने का हवाला देते हुए स्थानीय लोगों को दूसरे स्थान पर अंत्येष्टि करने के लिए कहा जा रहा था।

इसी बीच बारिश के मौसम में अंतिम संस्कार के दौरान लोगों को होने वाली परेशानी को देखते हुए स्थानीय लोगों ने श्मशान स्थल की सफाई कराकर वहां टीन शेड डलवाने की तैयारी शुरू की। विद्यालय प्रबंधन समिति ने इसका विरोध किया और काम रोकने की कोशिश की। इससे दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया। नाराज स्थानीय लोग धरने पर बैठ गए और मौके पर माहौल गरमा गया।

सांसद के हस्तक्षेप से निकला समाधान

धरना-प्रदर्शन की जानकारी मिलने पर सांसद राजकुमार चाहर मौके पर पहुंचे। उन्होंने धरने पर बैठे लोगों से बातचीत कर उनकी समस्या सुनी। इसके बाद विद्यालय प्रबंधक कमेटी और स्थानीय लोगों के प्रतिनिधिमंडल को डाक बंगले पर बुलाया गया। यहां दोनों पक्षों के बीच विस्तार से बातचीत कर विवाद का समाधान निकालने का प्रयास किया गया। वार्ता के दौरान स्थानीय लोगों ने बताया कि उक्त स्थल का इस्तेमाल लंबे समय से अंत्येष्टि स्थल के रूप में होता आ रहा है और बारिश के दौरान खुले में अंतिम संस्कार करने में काफी परेशानी होती है। वहीं विद्यालय प्रबंधन की ओर से स्थल के राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज होने को लेकर अपनी आपत्ति रखी गई। दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद सहमति बनी कि श्मशान घाट पर वर्षा काल में लोगों की सुविधा के लिए टीन शेड डलवाया जाएगा। इस फैसले के बाद धरने पर बैठे लोगों ने राहत की सांस ली।

ब्लॉक प्रमुख ने भी की समझौते की अपील

वार्ता के दौरान ब्लॉक प्रमुख गुड्डू चाहर ने भी दोनों पक्षों को समझाया। उन्होंने कहा कि आपसी विवाद को बढ़ाने के बजाय बैठकर बातचीत के माध्यम से समस्या का समाधान किया जाना चाहिए। उनके हस्तक्षेप और दोनों पक्षों की सहमति के बाद विवाद को शांत कराने की दिशा में रास्ता साफ हुआ।

प्रशासन ने भी की स्थिति स्पष्ट

मामले में उप जिलाधिकारी किरावली और तहसीलदार की ओर से भी दोनों पक्षों को स्थल के लंबे समय से श्मशान घाट के रूप में इस्तेमाल किए जाने के संबंध में जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि यदि किसी स्थल का लंबे समय से श्मशान घाट के रूप में इस्तेमाल होता चला आ रहा है तो कानून के अनुसार वहां अंत्येष्टि के लिए लोगों को रोका नहीं जा सकता। स्थानीय लोगों का कहना है कि वे लंबे समय से इसी स्थान पर अपने परिजनों की अंत्येष्टि करते आ रहे हैं। बारिश के मौसम में अंतिम संस्कार के दौरान होने वाली परेशानियों को देखते हुए टीन शेड की आवश्यकता है। वहीं प्रशासनिक और जनप्रतिनिधियों के हस्तक्षेप के बाद फिलहाल दोनों पक्षों में सहमति बनने से विवाद का तत्काल समाधान होता दिखाई दे रहा है।