राम के नाम पर जीवन दानः श्रीरामलीला के स्वरूपों ने किया रक्तदान, 50 यूनिट रक्त संकलित
आगरा। राम के नाम पर जीवन दान, इस राम बारात में करें रक्तदान। इसी आह्वान के साथ रविवार को श्रीरामलीला कमेटी ने एक अनूठा और प्रेरणादायी सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किया। श्रीराम हनुमान मंदिर (रामलीला मैदान के समीप) पर लगाए गए रक्तदान शिविर में भगवान श्रीराम, लक्ष्मण और रावण के स्वरूपों के साथ श्रद्धालुओं ने भी उत्साहपूर्वक रक्तदान किया। इस दौरान कुल 50 यूनिट रक्त संकलित हुआ।
स्वरूपों ने किया रक्तदान, बढ़ाया उत्साह
शिविर का शुभारंभ मुख्य अतिथि अशोक ऑटो की एमडी डॉ. रंजना बंसल और एसएन मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता ने भगवान श्रीराम के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। सबसे पहले रामलीला के स्वरूपों- श्रीराम (शोभित कांत शर्मा), लक्ष्मण (तरुण जलोटा) और रावण (अभिनव सिन्हा) ने रक्तदान कर सभी श्रद्धालुओं के लिए प्रेरणा प्रस्तुत की। इनके बाद भक्तों ने रक्तदान किया, जिसमें पहली रक्तदाता मोनिका जौहरी रहीं।
धार्मिक आयोजन से सामाजिक संदेश
श्रीरामलीला कमेटी अध्यक्ष विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल और महामंत्री राजीव अग्रवाल ने बताया कि रामलीला मंचन केवल धार्मिक आयोजन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाजसेवा और देशभक्ति की प्रेरणा भी देता है। रक्तदान शिविर इसका सशक्त उदाहरण है।
गणमान्यजन और सहयोग
यह शिविर श्रीरामलीला कमेटी और सत्यमेव जयते संस्था द्वारा सरोजिनी नायडू मेडिकल कॉलेज ब्लड बैंक के सहयोग से आयोजित हुआ। मौके पर मुकेश जैन, राकेश जैन, नीतू चौहान, टीएन अग्रवाल, कविता अग्रवाल, डॉ. सुशील गुप्ता, मुकेश अग्रवाल, मुकेश जोहरी, मनोज अग्रवाल, राहुल गौतम, बाबी, शैलेंद्र और महेशचंद सहित अनेक लोग मौजूद रहे। संचालन संजय तिवारी ने किया।