हाईवे पर एत्मादपुर में फ्लाईओवर निर्माण के लिए डीपीआर का कार्य प्रगति पर, बरहन कट पर खत्म होगा जाम का झाम, सांसद नवीन जैन के पत्र के जवाब में नितिन गडकरी ने दी जानकारी

आगरा–कानपुर हाईवे (NH-19) पर स्थित व्यस्त एत्मादपुर चौराहे पर लगातार बढ़ते जाम और यातायात अव्यवस्था के बीच आखिरकार बड़ी राहत की खबर आई है। राज्यसभा सांसद नवीन जैन द्वारा इस समस्या को लेकर भेजे गए पत्र पर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने जवाब देते हुए बताया है कि फ्लाईओवर निर्माण से संबंधित डीपीआर तैयार करने का काम प्रगति पर है। गडकरी के जवाब से स्पष्ट है कि एत्मादपुर पर फ्लाईओवर बनने का रास्ता अब औपचारिक रूप से खुल चुका है।

Dec 6, 2025 - 17:55
 0
हाईवे पर एत्मादपुर में फ्लाईओवर निर्माण के लिए डीपीआर का कार्य प्रगति पर, बरहन कट पर खत्म होगा जाम का झाम, सांसद नवीन जैन के पत्र के जवाब में नितिन गडकरी ने दी जानकारी

सांसद नवीन जैन ने जताई थी चिंता 

विगत 22 जून 2025 को भेजे गए अपने पत्र में सांसद नवीन जैन ने बताया था कि एत्मादपुर चौराहे पर भारी मात्रा में वाहनों के आवागमन से रोजाना गंभीर जाम लगता है। इससे स्थानीय लोगों, यात्रियों, स्कूल–कॉलेज जाने वालों और व्यावसायिक गतिविधियों पर भारी असर पड़ रहा है। जाम में खड़े वाहनों से ईंधन की खपत बढ़ती है और प्रदूषण में इजाफा होता है। उन्होंने कहा था कि इस समस्या का स्थायी समाधान सिर्फ फ्लाईओवर निर्माण से ही संभव है।

एनएचएआई रिपोर्ट के आधार पर डीपीआर तैयार हो रही- गडकरी

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने अपने जवाब में लिखा है कि भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने चौराहे की पूरी यातायात स्थिति का अध्ययन किया है। यहां यातायात अव्यवस्थित रूप से गुजरने के कारण जाम की स्थिति पैदा होती है। सरकार इस समस्या से अवगत है। एत्मादपुर चौराहे और आसपास के क्षेत्र की वास्तविक परिस्थिति को देखते हुए डीपीआर बनाने का काम प्रगति पर है।

गडकरी ने यह भी अवगत कराया है कि जाम की समस्या के समाधान के लिए संबंधित प्रशासन से आवश्यक प्रबंधन सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है।

SP_Singh AURGURU Editor