आगरा के डॉ. गिरीश गुप्ता को धर्ममूर्ति सम्मान, वरिष्ठजनों की सेवा के लिए सुधांशु जी महाराज ने सराहा
आगरा। श्री सुधांशु जी महाराज द्वारा स्थापित विश्व जागृति मिशन, दिल्ली के आनंद धाम आश्रम की ओर से आयोजित 30वें श्रद्धापर्व महोत्सव में आगरा के डॉ. गिरीश सी. गुप्ता समेत देश की आठ अन्य विभूतियों को उनके उल्लेखनीय सेवा, सामाजिक, सांस्कृतिक और राष्ट्रीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। सुधांशु जी महाराज ने सभी सम्मानित विभूतियों को शॉल ओढ़ाकर स्वर्ण एवं रजत पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
आगरा के डॉ. गिरीश सी. गुप्ता को वरिष्ठजनों के लिए किए जा रहे सेवा कार्यों के लिए धर्ममूर्ति सम्मान प्रदान किया गया। सुधांशु जी महाराज ने डॉ. गिरीश गुप्ता के नेतृत्व में रेस्पेक्ट एज इंटरनेशनल संस्था द्वारा वरिष्ठजनों के हित में किए जा रहे उल्लेखनीय कार्यों की सराहना की।
सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. गिरीश सी. गुप्ता ने विश्व जागृति मिशन और सुधांशु जी महाराज के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उनकी संस्था अब स्कूल-कॉलेजों में अभियान चलाकर नई पीढ़ी को अपने माता-पिता और वरिष्ठजनों के प्रति जिम्मेदारी का बोध कराने का प्रयास कर रही है। उद्देश्य यह है कि बच्चे अपने माता-पिता को भुलाने के बजाय उनकी सेवा को अपने जीवन का महत्वपूर्ण दायित्व समझें और भारतीय संस्कृति को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं।
महोत्सव में डॉ. गिरीश गुप्ता के अलावा सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता अश्वनी उपाध्याय, एम्स के पूर्व निदेशक डॉ. रणदीप गुलेरिया, बाल स्वरूप राही, पद्मश्री प्रो. मंगला कपूर, लोक कला के क्षेत्र में विनोद जोशी, ‘हनुमान अंश’ फिल्म की निर्माता अनुप्रिया नागर, दिल्ली के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी राम मनोहर मिश्र तथा चैंबर ऑफ कॉमर्स अमरावती के पूर्व अध्यक्ष नंद लाल खत्री को भी सम्मानित किया गया।
सुधांशु जी महाराज ने सभी विभूतियों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि समाज में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले लोगों का सम्मान दूसरों को भी सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी के लिए प्रेरित करता है। महोत्सव में कुछ अन्य विशिष्टजनों को भी सम्मानित किया गया।