हर बच्चे का हक़ है शिक्षा: नगला बूढ़ी के आरटीई एडमिशन मेले में उमड़े अभिभावक और बच्चे
आगरा। बेसिक शिक्षा विभाग की पहल पर शहर के नगला बूढ़ी क्षेत्र में शिक्षा का अधिकार अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन और जागरूकता के उद्देश्य से प्राथमिक विद्यालय परिसर में आरटीई एडमिशन प्रोत्साहन मेले का आयोजन किया गया। मेले में बड़ी संख्या में ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों से आए बच्चों और उनके अभिभावकों ने भाग लिया।
3 से 7 वर्ष तक के पात्र बच्चों को नि:शुल्क और अनिवार्य शिक्षा के मौलिक अधिकार से जोड़ने के उद्देश्य से आयोजित इस मेले में अभिभावकों को आरटीई के तहत नामांकन, सुविधाओं और लाभों की पूरी जानकारी दी गई।
मेले का उद्घाटन मुख्य विकास अधिकारी प्रतिभा सिंह ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा का अधिकार केवल कानून की किताबों तक सीमित न रहकर ज़मीनी स्तर पर हर बच्चे तक पहुंचना चाहिए। अभिभावक अपने बच्चों का दाखिला सरकारी अथवा निजी विद्यालयों में आरटीई के अंतर्गत कराकर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का लाभ उठा सकते हैं।
इस अवसर पर आरटीई योजना के प्रचार-प्रसार हेतु एक प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
बीएसए जितेन्द्र कुमार गोंड ने बताया कि आरटीई पोर्टल पर अधिक से अधिक पंजीकरण कराकर निजी विद्यालयों में आरक्षित 25 प्रतिशत सीटों को भरना प्राथमिकता है, जिससे पात्र बच्चे लाभान्वित हो सकें। इसके लिए एनजीओ और विभाग के आईटी सेल की सहायता भी ली जा रही है। मेले का मुख्य उद्देश्य नि:शुल्क व अनिवार्य शिक्षा के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना है।
एक पहल संस्था के मनीष राय ने जानकारी दी कि मेला सुबह 10 बजे से प्रारंभ हुआ, जिसमें एक पहल संस्था, स्टेप फॉर फ्यूचर संस्था तथा सामाजिक कार्यकर्ताओं ने स्टॉल लगाकर अभिभावकों को आरटीई के तहत आवेदन प्रक्रिया, उपलब्ध सुविधाएं और आर्थिक लाभों की जानकारी दी।
मेले में एक शिक्षा सहायता बूथ भी लगाया गया, जहाँ अभिभावकों के प्रश्नों के समाधान के साथ बच्चों के नामांकन हेतु प्रशिक्षण और आवेदन सहायता प्रदान की गई।
कार्यक्रम में पार्षद भरत शर्मा, प्रेमदास चौधरी, अंकित खंडेलवाल, नवीन कुमार, अश्लेष मित्तल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
Top of Form